Buxar News (मनीष मिश्रा की रिपोर्ट ) :
शहर के आईटीआई फील्ड के पास जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के पीछे स्थित मोबिल गोदाम में रविवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा मोबिल पूरी तरह जलकर राख हो गया. इसके अलावा वहां खड़ी करीब पांच लग्जरी गाड़ियां और एक ट्रैक्टर भी आग में जलकर नष्ट हो गए. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
कई किलोमीटर दूर से दिखा धुएं का गुबार
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे थे. सूचना पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. वहीं, आसपास के घरों के लोग भी आग बुझाने में जुट गए. लोगों ने अपने घरों की छतों से पानी फेंका, जबकि कई लोगों ने बोरिंग के पानी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया.
फ्यूल सेंटर के संचालक कमलेश पाल ने कहा- पहले गाड़ी पहुंचती तो कम होता नुकसान
जय मां अंबे फ्यूल सेंटर के संचालक कमलेश पाल ने बताया कि आग लगने से भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि यदि अग्निशमन विभाग की गाड़ियां कुछ और पहले पहुंच जातीं, तो शायद नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मामले की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
Also Read: सोनवर्षा लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी दबोचे गए, चाकू के दम पर दिया था वारदात को अंजाम
