बक्सर में स्वतंत्रता दिवस और शहीद दिवस की तैयारियां तेज, SDM ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बक्सर में 79वें स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त के शहीद दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई. एसडीएम राजीव कुमार ने अधिकारियों को भव्य और गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

Buxar News : बक्सर में आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस और 16 अगस्त के ऐतिहासिक शहीद दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम राजीव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में दोनों राष्ट्रीय आयोजनों को भव्य, गरिमामय और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और शहीद स्मारक समिति के सदस्यों ने भी भाग लेकर अपने सुझाव दिए.

राज हाई स्कूल मैदान से जल्द हटेगा जलजमाव

बैठक में मुख्य समारोह स्थल राज हाई स्कूल मैदान में बारिश के कारण हुए जलजमाव पर विशेष चर्चा हुई. एसडीएम ने नगर परिषद को तत्काल जलनिकासी कराने और मैदान का समतलीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि ध्वजारोहण, परेड और अन्य कार्यक्रम सुचारु रूप से आयोजित हो सकें.

प्रभात फेरी, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तय की गई. विद्यालयों के बच्चों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही निर्णय लिया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरी तरह देशभक्ति की भावना पर आधारित होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों को मंच मिलेगा.

शहीद पार्क में पूरे सम्मान के साथ फहरेगा तिरंगा

16 अगस्त को आयोजित होने वाले शहीद दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के दौरान शहीद स्मारक समिति ने शहीद पार्क के सौंदर्यीकरण और नियमित रखरखाव की मांग रखी. इस पर एसडीएम ने नगर परिषद को शहीद पार्क को गोद लेकर उसकी देखरेख सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस वर्ष शहीद पार्क में भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा.

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

एसडीएम राजीव कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और शहीद दिवस राष्ट्रभक्ति और शहीदों के सम्मान का प्रतीक हैं. इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय पर सभी तैयारियां पूरी करें. बैठक में बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शनी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, थानाध्यक्ष संजय सिन्हा, वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मा ठाकुर, सुभाष शेखर, सोनू राय, शिक्षक अनुराग मिश्र सहित शहीद स्मारक समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >