कार्रवाई. दो तस्कर भी चढ़े पुलिस के हत्थे
इटाढ़ी में शराब की डिलिवरी करने जा रहे थे दोनों गिरफ्तार तस्कर
तस्करों की निशानदेही पर छापेमारी जारी पूछताछ में खोले कई राज
बक्सर/इटाढ़ी : जिले में सख्ती के बावजूद शराब तस्कर तस्करी से बाज नहीं आ रहे हैं. प्रतिदिन कहीं-न-कहीं शराब की खेप बरामद हो रही है. बुधवार को बक्सर और इटाढ़ी से भारी मात्रा में शराब बरामद हुआ. इस दौरान तीन तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गये. पुलिस गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर छापेमारी कर रही है. बक्सर के नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ऑटो में छापेमारी कर 37 बोतल शराब के साथ कोइरपुरवा निवासी साहिल कुमार को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार तस्कर पहले भी शराब बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है. इस संबंध में थानाध्यक्ष राघव दयाल ने बताया कि सूचना मिली थी कि ऑटो से शराब लायी जा रही है. सूचना मिलने के साथ ही नाथ बाबा मंदिर के समीप छापेमारी की गयी, जहां से एक ऑटो से 37 बोतल देशी शराब बरामद की गयी. वहीं, दूसरी तरफ इटाढ़ी बाजार से मंगलवार की देर शाम को दो शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिये गये. बक्सर के चरित्रवन निवासी रविकांत पांडेय और विनय पांडेय बाइक पर 61 पॉकेट विदेशी
शराब लादकर इटाढ़ी बाजार में किसी को डिलेवरी के लिए पहुंचे थे, जिसकी भनक पुलिस को लग गयी. पुलिस ने टाइगर मोबाइल के सदस्य लालबाबू खलिफा के सहयोग से छापेमारी की, जहां दोनों शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया. साथ में बाइक भी जब्त कर ली गयी. शराब उत्तरप्रदेश निर्मित है. थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि गिरफ्तार शराब कारोबारी बहुत दिनों से धंधे में संलिप्त था. शराब धंधे में संलिप्त लोगों पर पुलिस की पैनी नजर है. किसी भी हालत में ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जायेगा.
