नगर थाने की पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
पुणे से अपने गांव कैमूर आ रहा था युवक
बक्सर : मुगलसराय-दानापुर रेलमार्ग पर 12149 डाउन पुणे-दानापुर एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवक को नशा खिलाकर लूट लिया गया. नशाखुरानी के शिकार युवक को रेलयात्रियों ने किसी तरह बक्सर स्टेशन पर उतार दिया. घटना रविवार की सुबह करीब दो बजे की है. सूचना पाकर बक्सर जीआरपी ने उसे एक ऑटोवाले के हवाले कर दिया.
ऑटोवाले ने युवक को अांबेडकर चौक के पास लावारिस छोड़ दिया. इसके बाद पेट्रोलिंग को निकली नगर थाने की पुलिस ने युवक को अांबेडकर चौक के पास नशे की हालत में बरामद कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया. पुलिस ने बताया कि युवक अचेत अवस्था में अांबेडकर चौक से पश्चिम बाजार समिति रोड में सुबह नगर पुलिस को मिला.
इलाज के बाद युवक के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है.
कैमूर के बाघा गांव का निवासी है युवक: नशे की हालत में ही अपना नाम विजय बहादुर, घर कैमूर जिले के बाघा गांव बताया. उसने बताया कि वह पुणे से आ रहा था. इसी दौरान पास में बैठे व्यक्ति के साथ रात में खान-पान किया. उसके बाद रेल पुलिस ने ऑटो में बिठा दिया. पता नहीं मैं अस्पताल कैसे पहुंचा गया. युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
वह बार-बार घर जाने के लिए बेड से उतर जाने की जिद कर रहा था. जानकारी के अनुसार अपनी जबावदेही से बचने के लिए जीआरपी के कर्मी नशाखुरानी के शिकार व्यक्ति को किसी ऑटो या अन्य माध्यम से नगर में छोड़ देते हैं. इससे नशा खुरानी के शिकार की हालत इलाज के बिना और बिगड़ जाती है. पुणे से यात्रा कर आ रहा विजय बहादुर के साथ भी यही हुआ है.
