हादसा. तीन लोग जख्मी, चालक वाहन छोड़ कर हुआ फरार
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गांव के समीप हुआ हादसा
घटना के बाद मची अफरातफरी, ऑटो को पुलिस ने किया जब्त
बक्सर : बक्सर में मंगलवार को ऑटो पलटने से एक सब्जी व्यवसायी की मौत हो गयी. जबकि इस हादसे में तीन यात्री जख्मी हो गये. घटना के वक्त ऑटो यात्रियों को मठिला से लेकर बक्सर आ रहा था. घटना के बाद चालक फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच घायलों को जहां इलाज के लिए अस्पताल में भरती करवायी.
वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. हादसे को लेकर काफी देर तक महदह गांव के समीप अफरातफरी का माहौल कायम रहा. पुलिस ने ऑटो को जब्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार ऑटो यात्रियों को लेकर मठिला से बक्सर आ रहा था. इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक को बचाने के क्रम में ऑटो अनियंत्रित होकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महदह गांव के समीप सड़क किनारे चाट में पलट गयी. इस हादसे में कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव निवासी रामशीष राम की मौके पर ही मौत हो गयी.
जबकि मठिला गांव निवासी आदित्य यादव समेत तीन लोग जख्मी हो गये. आनन-फानन में पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भरती कराया, जहां चिकित्सकों ने सब्जी व्यवसायी रामशीष राम को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है.
