-ट्रक का ओवरटेक करने में बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, चाट में पलटी
-आरा-बक्सर के ठाकुर दयाल सिंह गांव के समीप हुआ हादसा
-स्कॉर्पियो सवार पांच लोग हुए जख्मी, घायलों में एक बेगूसराय का
-तेज गति होने के कारण तीन बार लुढ़की स्कॉर्पियो
बक्सर (बगेनगोला) : बिहार के बक्सर में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. ट्रक को ओवरटेक करने में बेकाबू हुई स्कॉर्पियो सड़क किनारे चाट में पलट गयी. इस हादसे में आरा के तरारी मध्य जिला परिषद सदस्य की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि पांच लोग इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जख्मियों में एक बेगूसराय का घोड़ा व्यवसायी भी शामिल है. घटना के वक्त सभी डुमरांव से जिला परिषद सदस्य से मिलकर अपने घर आरा लौट रहे थे. हादसा इतना जबर्दस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गये थे.
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे जहां घायलों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक में भरती कराया. इस हादसे के बाद काफी देर तक आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर अफरातफरी का माहौल कायम रहा. मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर जिले के तरारी मध्य जिला परिषद के सदस्य कुरमुरी गांव निवासी योगी सिंह के पुत्र अमृतेश सिंह उर्फ साधु जी अपने साथियों के साथ डुमरांव के जिला परिषद सदस्य दारा यादव से मिलकर अपने गांव जा रहे थे. इसी दौरान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के चालक का संतुलन खत्म हो गया और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चाट में पलट गयी.
इस हादसे में तरारी मध्य के जिला परिषद सदस्य अमृतेश उर्फ साधु जी की मौत हो गयी. जबकि इस घटना में शाहपुर थाना क्षेत्र के वेलौटी गांव निवासी पंकज त्रिपाठी, पीरो निवासी संतोष पांडेय, टुनटुन सिंह, सुबोध सिंह तथा बेगूसराय के बोतल सिंह जख्मी हो गये. स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भरती कराया. जहां चिकित्सकों ने जिला परिषद सदस्य को मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. इस संबंध में कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसे के पीछे वाहन का गति तेज होना बताया जाता है. इसके साथ ही कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
