मिसाल शादी से पहले ही दूल्हा व दुल्हन ने परवरिश के लिए एक अनाथ बच्ची को ली गोद
शादी में सात निश्चयों को देखने के लिए सीएम करेंगे शिरकत
एनआरआइ लड़के से लोक अभियोजक की पुत्री की हो रही है शादी
बक्सर : मुख्यमंत्री के सात निश्चयों का असर अब बेटी की शादियों में भी देखने को मिलेगा. बिहार में बक्सर पहला ऐसा जिला होगा, जहां के शादी पंडाल में मुख्यमंत्री के सात निश्चय का नजारा देखने को मिलेगा. यह अनोखी शादी 28 अप्रैल को होनेवाली है. पंडाल में बनाये गये सात निश्चय को देखने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शिरकत करेंगे. लोक अभियोजक नंद गोपाल प्रसाद की पुत्री निष्ठा मानव की शादी नार्वे में रह रहे राजीव शिखर के साथ होनेवाली है.
गौरतलब हो कि जेपी आंदोलन में एक साथ नंद गोपाल प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए थे. इसकी जानकारी देते हुए लोक अभियोजक ने बताया कि यह शादी कई मायनों में अनोखी होगी, जिसमें पारंपरिक गीतों से लेकर बिहार के गौरव का इतिहास भी लेजर लाइट से दिखाया जायेगा.
दूल्हा-दुल्हन ने बच्ची को लिया है गोद : दूल्हा राजीव शिखर व दुल्हन नेहा अपनी रिंग सेरेमनी को यादगार बनाने के लिए हैदराबाद अनाथालय की एक बच्ची नेहा को आजीवन पढ़ाने-लिखाने के लिए गोद लिया है, जो आज के समय के लिए एक अनोखी मिसाल है.
शादी में मुख्यमंत्री देंगे वर-वधू को प्रमाणपत्र : सीएम जहां 28 अप्रैल को इस शादी में शिरकत करेंगे. वहीं, शादी में वर-वधू को आशीर्वाद देने के साथ-साथ प्रमाणपत्र भी देंगे. लोक अभियोजक नंद गोपाल प्रसाद अभी से ही शादी की तैयारी में जुट गये हैं. शादी में सीएम के साथ-साथ कई अधिकारी व राज नेता पहुंचेंगे.
पंडाल में वर-वधू के साथ-साथ दिखेंगे सात निश्चय : पंडाल बनाने में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है. पंडाल में वर-वधू के साथ-साथ मुख्यमंत्री के सात निश्चय दिखेगा. पंडाल में शराबबंदी, हर घर नल का जल, घर-घर बिजली सहित सात निश्चयों को दर्शाया जायेगा. इसके साथ ही गीत के माध्यम से शराब नहीं पीने की अपील की जायेगी.
