जांच के दौरान डीलर पाये गये दोषी तो दुकान का लाइसेंस होगा रद्द
एसडीओ ने बाजार समिति से कालाबाजारी का अनाज किया जब्त
बक्सर : बक्सर में मंगलवार की देर रात भारी मात्रा में कालाबाजारी का अनाज जब्त किया गया. एसडीओ के नेतृत्व में यह छापेमारी नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति में की गयी. जहां पिकअप वाहन में लदे चावल को जब्त करने के साथ ही चालक को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि उसे चावल पहुंचाने के लिए 800 रुपये में भाड़ा तय किया गया था. इस मामले में डीलर समेत तीन लोगों पर एफआइआर दर्ज करायी गयी है. एसडीओ ने बताया कि जांच के दौरान अगर डीलर दोषी पाये जाते हैं
तो उनके दुकान की लाइसेंस भी रद्द किया जायेगा. मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना के बूढ़ाडीह गांव से बाजार समिति में चावल बेचने के लिए लाया गया था. जिसकी जानकारी सदर एसडीओ गौतम कुमार को मिली. गौतम कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति में छापेमारी की गयी. जहां से संदिग्ध अवस्था में खड़ी पिकअप वाहन को जब्त किया गया. जब उसकी जांच की गयी तो पिकअप वाहन में 23 क्विंटल सरकारी अनाज पाया गया. वाहन के चालक लाल बाबू से पूछताछ की गयी तो मामला परत दर परत खुलने लगा.
पहले भी पकड़ा जा चुका है कालाबाजारी का अनाज: बक्सर में कालाबाजारी का खेल कोई नया नहीं है. इसके पहले भी सिमरी, चौसा में भारी मात्रा में कालाबाजारी का अनाज जब्त किया गया था. जिसमें कई डीलरों पर कार्रवाई भी हो चुकी है. इधर मामले को लेकर तहकीकात की जा रही है.
इन पर हुई प्राथमिकी दर्ज
इस संबंध में एसडीओ गौतम कुमार ने बताया कि रामकृत्त ठाकुर, रवीद्र राम व लाल बाबू राम का नाम दर्ज है. चौसा प्रखंड के बुढ़ाडीह गांव का रहने वाला रवीद्र राम जन वितरण प्रणाली का दुकानदार है. इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एडीएसओ के बयान पर पीडीएस दुकानदार समेत तीन लोगों पर एफआइआर करायी गयी है.
जांच के बाद संलिप्तता पाये जाने पर आरोपित पीडीएस दुकानदार की दुकान रद्द कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पिकअप पर पचास किलोग्राम की 46 बोरियों में 23 क्विंटल चावल पाया गया है. जब्त चावल को कब्जे में लेकर पुलिस ने सुरक्षित रख दिया गया है.
