चौसा : क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर परिवहन विभाग व पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता के चलते इन दिनों ओवरलोडेड बालू लदे ट्रकों का परिचालन बेरोक-टोक जारी है. आरा-चौसा, बक्सर-सासाराम व चौसा-मोहनिया मुख्य मार्गों पर ओवरलोडेड वाहनों के परिचालन से एक तरफ सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं. वहीं, दूसरी ओर सरकार के राजस्व की भारी क्षति पहुंच रही है. भारी वाहनों के बेधड़क परिचालन से कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.
ऐसा भी नहीं की उक्त सड़कों पर परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा ओवरलोडेड वाहनों की जांच नहीं की जाती, लेकिन जांच महज एक कोरम बनकर रह जाती है. बक्सर गंगा ब्रीज पर भारी वाहनों के परिचालन पर पाबंदी लगाने के बाद से ही ओवरलोडेड सैकड़ों वाहन प्रतिदिन चौसा यादव मोड़ के रास्ते कर्मनाशा नदी पुल पार कर उत्तरप्रदेश में जा रहे हैं, जिससे कर्मनाशा नदी पुल भी धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होने लगा है. हालांकि जब विभाग के बड़े अधिकारी जांच के लिए पहुंचते हैं, तो माफिया वाहनों को अखौरीपुर गोला से पहले और चौसा यादव मोड़ पशु मेले के इर्द-गिर्द सड़कों के किनारे खड़ा कर देते हैं.
