आस्था. 18 देशों के भक्तों ने कलशयात्रा में लिया हिस्सा
बक्सर : सनातन से आस्था जोड़े सात समुंदर पार लोग बक्सर पहुंचे. सदर प्रखंड के तिवारीपुर गांव स्थित श्रीगौर नारायण गौड़ीय मठ से बुधवार को कलश यात्रा निकाली गयी. इसमें स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा काफी संख्या में विदेशी अनुयायियों ने भी हिस्सा लिया. वृंदावन धाम से पधारे श्रीश्री स्वामी मधुसूदन जी महाराज के नेतृत्व में तिवारीपुर गांव से कलशयात्रा निकाली गयी. श्रीकृष्ण नाम का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं का जत्था शहर के रामरेखा घाट पहुंच, जहां पूरे विधि-विधान से जलभरी की गयी. जलभरी के बाद माथे पर कलश लिये नंगे पांव शहर के विभिन्न सड़कों से विदेशी अनुयायियों का जत्था गुजरा.
विदेशी महिला व पुरुष अनुयायी श्रीकृष्ण व राधा के रूप में रचे बसे दिखे. इनमे 18 देशों के अनुयायी शामिल थे. बता दें कि जिले के तिवारीपुर गांव में श्री श्री गौर नारायण गौड़ीय मठ में राधे कृष्ण मंदिर का निर्माण हो रहा है. प्राण-प्रतिष्ठा के लिए बुधवार को जलभरी में करीब 500 की संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी पहुंचे थे.
संयोजक कृष्ण मुरारी दास ने बताया कि आज श्रील गुरुदेवा ॐ विष्णुपाद श्रीमद्भक्ति वेदांत नारायण गोस्वामी महाराज, श्रीश्री गौर सुंदर और श्रीश्री राधा रमण बिहारी जी की मूर्ति की प्राणप्रतिष्ठा की जायेगी. पूजन श्रीपाद भक्ति वेदांत मधुसूदन गोस्वामी महाराज के तत्वावधान में होगा. मंदिर के प्रांगण में ही श्री पाद भक्तिवेदांत मधुसूदन गोस्वामी महाराज 24 से 30 मार्च तक भागवत कथा का भी आयोजन है. 30 मार्च को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जायेगा.
इन देशों के भक्तों ने लिया हिस्सा
गौरिया मठ में राधे कृष्ण मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा यज्ञ में शामिल होने के लिए ब्रिटेन, चीन, थाइलैंड, जापान, रूस, नार्वे, स्वीडन, आस्ट्रेलिया, जर्मनी, बैंकाक, मलेशिया, यूरोप, फ्रांस सहित 18 देशों के भक्तों ने इस यज्ञ में हिस्सा लिया. गुरु- शिष्य की परंपरा को निभाने के लिए विदेशों से श्रद्धालु सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष बक्सर पहुंचे हैं.
