पचभैया टोला के समीप हुआ हादसा, महिला की हालत गंभीर
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क
बक्सर/ब्रह्मपुर : ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में बेलगाम ट्रैक्टर ने पचभैया टोला के समीप रविवार की देर रात साइकिल सवार एक दंपती को रौंद डाला. इस हादसे में जहां पति की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भरती कराया गया है. हादसे के बाद चालक वाहन सहित भागने में सफल रहा. हादसे के बाद लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम कर यातायात को 10 मिनट के लिए बाधित कर दिये.
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर जाम को हटाया. जानकारी के अनुसार प्रखंड के नैनीजोर निवासी श्रीनिवास यादव अपनी पत्नी प्रभावती देवी को बाजार से लेकर देर शाम लौट रहे थे. इसी दौरान पचभैया टोला के समीप तेज गति से आ रहे बेलगाम ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही श्रीनिवास यादव की मौत हो गयी. जबकि इस हादसे में प्रभावती देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी.
घायल महिला को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया. महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. इस संबंध में ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष डीएन सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टरचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है.
