12 बोतल शराब के साथ तीन धराये, एक फरार
डुमरांव : शराबमुक्त होली त्योहार को लेकर पुलिस ने शराब तस्करों पर नकेल कसना शुरू कर दिया. पुलिस कप्तान उपेंद्र शर्मा के निर्देशों के बाद गुरुवार की रात विभिन्न थानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शराब व शराबियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया. नया भोजपुर ओपी पुलिस ने एनएच 84 की सुनसान सड़क से झोले में लेकर जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. जब इन तस्करों की तलाशी ली गयी, तो झोले के अंदर 12 बोतल अंगरेजी शराब पकड़ी गयी. जबकि अंधेरा का लाभ उठाकर एक तस्कर फरार होने में सफल रहा. गिरफ्तार युवक नया भोजपुर के संजय यादव व शिवकुमार यादव बताये जाते हैं.
जबकि पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ युवक की पहचान दक्ष कुमार नया भोजपुर के रूप में की गयी है. पुलिस फरार युवक के ठिकानों पर छापेमारी करने में जुटी है. वहीं डुमरांव पुलिस की टीम ने सर्च अभियान के दौरान पूरी रात शहर के लाज, होटलों व आसपास के गांवों में शराब व कारोबारियों के ठिकाने पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस के हत्थे एक शराबी चढ़ गया. गिरफ्तार युवक बंझूडेरा गांव निवासी संजय यादव बताया गया. पुलिस ने शराबी युवक को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया है.
