कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत 1575 रुपये
बक्सर : पेट्रोलियम कंपनियों ने 28 फरवरी से घरेलू और कमर्शियल सिलिंडरों की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है. सिलिंडरों की नयी दर शहर के उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ रही है. कंपनियों ने नॉन सब्सिडीवाले सिलिंडरों की कीमत में 86 रुपये और कमर्शियल सिलिंडरों की कीमत में 149.50 रुपये की बढ़ोतरी की है. फरवरी-मार्च आते-आते उपभोक्ताओं को मिलनेवाले सब्सिडी के 12 सिलिंडरों का कोटा खत्म हो जाता है. माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस सिलिंडरों की कीमत में एक साथ इतनी अधिक बढ़ोतरी की है. हालांकि पेट्रोलियम मामलों के
जानकार व एलपीजी गैस गोदाम प्रबंधक कमल सिंह ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में पिछले दो माह से बढ़ोतरी हुई है. जिस रेट पर पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा खरीदगी की जाती है. दाम उसी आधार पर बढ़ाये जाते हैं, लेकिन चुपके से अचानक रसोई गैस की कीमतों में हुई वृद्धि से उपभोक्ताओं को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा.
नॉन सब्सिडी के घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 835 रुपये, उपभोक्ता परेशान
ग्राहक परेशान
नॉन सब्सिडीवाले घरेलू गैस सिलिंडर (14.2 किग्रा) की रेट फरवरी में 749 रुपये थी. एक मार्च से इसमें 86 रुपये की वृद्धि हो गयी और सिलिंडर की कीमत 835 रुपये हो गया. इसी प्रकार कमर्शियल सिलिंडर (19 किग्रा) की कीमत फरवरी में 1426.50 रुपये थी. इसमें 149.50 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है. एक मार्च से यह सिलिंडर 1575 रुपये में मिला. इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने एक फरवरी को घरेलू गैस सिलिंडरों की कीमत में 68 रुपये की बढ़ोतरी की थी. इस प्रकार एक महीने में ही सिलिंडरों के दाम में 154 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है. जिन उपभोक्ताओं के सब्सिडीवाले 12 सिलिंडरों का कोटा खत्म हो चुका है. उनको अब महंगी दर पर सिलिंडर खरीदना पड़ेगा.
ग्राहक के सब्सिडी का गणित
उपभोक्ताओं को एक अप्रैल से लेकर 31 मार्च तक 12 सिलिंडरों पर सब्सिडी की राशि मिलती है. इससे अधिक सिलिंडर लेने पर उपभोक्ता को सिलिंडर की पूरी कीमत चुकानी पड़ती है. शहर में करीब 70 हजार रसोई गैस उपभोक्ता हैं. इनमें से 20 हजार का सब्सिडी के 12 सिलिंडरों का कोटा जनवरी में खत्म हो गया था. फरवरी में भी 30 हजार का यह कोटा खत्म हो गया. अब मार्च में 70 हजार उपभोक्ताओं को सिलिंडर पर सब्सिडी खत्म हो जायेगी. घरेलू सिलिंडर 86 रुपये महंगा होने के साथ अब 835 रुपये का हो गया है. वहीं, पांच किलोवाले छोटू सिलिंडर पर 30.50 रुपये का इजाफा हुआ है.
