ट्रेन से कट कर चौकीदार की मौत दो बच्चे बाल-बाल बचे
ब्रह्मपुर : दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के बिहिया स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक चौकीदार की मौत हो गयी. इस हादसे में दो बच्चे बाल-बाल बच गये. चौकीदार की पहचान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के निमेज गांव निवासी शिव बचन के रूप में हुई. मंगलवार को अपने किसी रिश्तेदार की शादी में बिहिया महथिन […]
ब्रह्मपुर : दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के बिहिया स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक चौकीदार की मौत हो गयी. इस हादसे में दो बच्चे बाल-बाल बच गये. चौकीदार की पहचान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के निमेज गांव निवासी शिव बचन के रूप में हुई. मंगलवार को अपने किसी रिश्तेदार की शादी में बिहिया महथिन माई मंदिर गये हुए थे.
शादी- विवाह संपन्न होने के बाद रेलवे लाइन के किनारे-किनारे स्टेशन की तरफ लौट रहे थे. बच्चे भी चौकीदार के पीछे-पीछे आ रहे थे. उसी दौरान पूर्वा एक्सप्रेस की चपेट में आने से चौकीदार की मौत हो गयी. ट्रेन से कटते देख लोगों ने जब हल्ला किया, तो दोनों बच्चे रुक गये, जिससे उनकी जान बच गयी. घटना के बाद बिहिया जीआरपी द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया. कानूनी प्रक्रिया करने के बाद बुधवार 12.00 बजे के करीब चौकीदार का शव निमेज लाया गया. शव को देखते ही घर में कोहराम मच गया.
ब्रह्मपुर थाने में कार्यरत शिवबचन यादव की अभी पांच साल नौकरी बची थी. इस हादसे ने परिवार का कमानेवाला इनसान को खो दिया. घटना की जानकारी मिलते ही थानाप्रभारी दयानंद सिंह, ग्राम पंचायत के मुखिया राजेंद्र प्रसाद, सरपंच संजय ओझा, मुन्ना ओझा सहित अन्य गण्यमान्य लोग घर पहुंच कर परिवार को इस दुःख के मौके पर ढाढ़स बंधाया.
शोकसभा का हुआ आयोजन : ब्रह्मपुर थाने मे थानाध्यक्ष दयानंद सिंह के नेतृत्व में मृतक चौकीदार शिवबचन यादव की मौत पर एक शोकसभा का आयोजन किया गया और दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. थानाध्यक्ष ने कहा कि चौकीदार के परिवार को सरकार से मिलनेवाली हर सुविधाओं को जल्द- से- जल्द दिलाने का प्रयास किया जायेगा.