धांधली. सिंचाई विभाग के क्लर्क, रिटायर्ड फौजी व शिक्षक भी लाभुकों की सूची में शामिल
जांच में हुआ बड़ा खुलासा, हो सकती है कार्रवाई
बक्सर : गरीबी रेखा के राशन कार्डधारी सरकारी नौकरी कर रहे हैं. सरकारी शिक्षिकाएं, बैंककर्मी, रिटायर्ड आर्मी मैन, पुलिसवाले आदि प्रशासन के रेकॉर्ड में गरीब हैं. जिला प्रशासन द्वारा बीपीएल कार्ड की हकीकत जानने के लिए किए जा रहे सर्वे में इसका खुलासा होने के बाद फर्जी लाभुकों के बीच हड़कंप है. फर्जी पाये गये राशन कार्डों के सत्यापन कार्य आरंभ करने की कवायद शुरू हो गयी है. राशन कार्ड के भौतिक सत्यापन के क्रम में प्राप्त जानकारी से मिलान के बाद फर्जी राशन कार्ड करार दिया जायेगा. सत्यापन में गलत पाये जानेवाले सभी राशन कार्ड को रद्द किया जायेगा.
जिले के एक लाख 62 हजार 500 उपभोक्ताओं में से अबतक 17 हजार राशन कार्ड रद्द कर दिये गये हैं. जिले में हजारों राशन कार्ड निर्धारित मानक अधिमानता के विपरितवाले व्यक्ति को निर्गत किया गया है. जिला प्रशासन ने गत जुलाई, अगस्त व सितंबर माह में खाद्यान्न नहीं उठानेवाले लाभुकों को चिह्नित कर सूची तैयार की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब तीन हजार सरकारी सेवक भी राशन का उठाव कर रहे थे. जबकि अब भी सैकड़ों गरीब परिवार उक्त राशन कार्ड से वंचित हैं. इधर आर्थिक रूप से संपन्न सैकड़ों परिवार को भी कार्ड निर्गत हुआ है.
सत्यापन का मुख्य आधार है राशन उठाव : कई लाभुकों ने गत कई माह से दुकान से खाद्यान्न का उठाव नहीं किया है. क्या एक ही लाभुकों को दो राशन कार्ड मिला है, जिससे खाद्यान्न उठाव में परेशानी हो रही है. राशन कार्डधारी अन्य जिले व राज्य में निवास कर रहे हैं. राशन कार्डधारी संपन्न परिवार से हैं आदि बिंदुओं पर भौतिक सत्यापन किया जा रहा है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संभावित फर्जी कार्डधारी की सूची विभाग ने तैयार कर संबंधित बीडीओ को सत्यापन के लिए उपलब्ध करा दिया है. जांच प्रतिवेदन प्राप्त होते ही फर्जी राशन कार्ड रद्द की प्रक्रिया अपनायी जायेगी. साथ ही कार्ड से वंचित लोगों को राशन कार्ड निर्गत की प्रक्रिया आरंभ करने को ले राज्य सरकार से अनुमति मांगी जायेगी.
पहले गरीब था, तो राशन लेता था
वार्ड संख्या 34 के दिनेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव सिंचाई विभाग के रिटायर्ड क्लर्क हैं. शहर में दो मंजिला पक्का मकान है. इसके बावजूद उनकी पत्नी मालती सिन्हा राशन का उठाव कर रही थी. उन्होंने कहा कि पहले वे गरीब थे. तो, राशन कार्ड बनवाया था. अब अमीर हो गये हैं. कार्ड रद्द हो जाने से कोई दिक्कत नहीं.
दिनेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, लाभुक
रिटायर्ड फौजी राजमोहन पांडेय की पत्नी सूरज पति देवी के नाम इ राशन कार्ड निर्गत है. इस बात की जानकारी जिला प्रशासन के अधिकारियों को मिलने के बाद कार्ड रद्द कर दिया गया है, लेकिन अपात्र होने के बावजूद राशन उठाव का उन्हें मलाल नहीं है. उनका का कहना है कि उनकी पत्नी को राशन का हक मिलना चाहिए.
राज मोहन पांडेय,लाभुक
पिंकी देवी के पति सरकारी शिक्षक हैं. इसके बावजूद उनके द्वारा गरीबों के नाम का राशन उठाव किया जा रहा था. उन्होंने कहा कि उनकी तीन बेटियां हैं. पति की सैलरी से घर चलाने मुश्किल है. राशन कार्ड रद्द नहीं किया जाना चाहिए. राशन कार्ड रद्द कर दिये जाने के बाद से हमारी आर्थिक स्थिति खराब हो गयी है.
पिंकी देवी , लाभुक
फॉर्म में पूरी जानकारी देनी है जरूरी
डाटा एकत्रित करनेवाले अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि लाभुकों की पूर्ण जानकारी एकत्रित करनी है. अगर राशन कार्ड पर कोई कॉलम तथा, नाम, पता, मोबाइल नंबर यदि गलत अंकित है, तो इसकी भी जानकारी ली जायेगी. इसके साथ ही लाभुकों का बैंक डिटेल्स, आइएसएफसी कोड, बैंक अकाउंट नंबर आदि की पूर्ण जानकारी जुटानी है. वैसे लाभुक जिन्होंने नये राशन कार्ड के लिए अप्लाइ किया है, उनकी भी पूरी जानकारी लेनी है. विभागीय निर्देश पर जांच में बड़े मात्रा में फर्जी राशन कार्डधारक मिले हैं. सर्वे के बाद करीब 10 हजार लोगों को नोटिस भेजा गया है. विभागीय निर्देश के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
शिशिर कुमार मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी
