नट चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष ने गांव का किया दौरा
बक्सर : सीआरपीएफ जवान संजय नट के परिजनों से मिलने नट चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष सविता नटराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को उनके परिजनों से मिलने बलिहार पहुंचा. इस दौरान परिजनों ने कहा कि संजय की हत्या की गयी है, जिसकी जांच होनी चाहिए. इसके साथ ही ढाई घंटे तक उनके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली. अध्यक्ष ने कहा कि परिजनों ने बताया कि इसके पहले 29 जनवरी को वो घर से निकले थे.
मुगलसराय के बाद से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था.
7 बजे के आसपास परिजनों से बातचीत हुई थी, जहां उन्होंने कोई भी बात रजरप्पा जाने के संबंध में नहीं बतायी थी. संजय ऐसा नहीं कर सकता था. इसके पीछे एक बहुत बड़ी साजिश की गयी है. इस प्रतिनिधिमंडल में ललन नट, भूखन नट, घनश्याम नट सहित कई लोग थे.
पूर्व में भी कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं
बलि देने की घटना रजरप्पा में पहली है. हालांकि इससे पूर्व भी रजरप्पा मंदिर में राज्य और लोगों को चौंकाने वाली कई बड़ी घटनाएं हुई हैं. दो जुलाई 2010 में मां छिन्नमस्तिका देवी की मूर्ति विखंडित हुई थी. इसके बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी व आला अधिकारियों ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का आश्वासन दिया था. उस समय यहां एक डीएसपी स्तर का अधिकारी देने और एक ओपी बनाने की बात कही गयी थी, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गयी है. अब भी लाठीधारी के भरोसे मंदिर प्रक्षेत्र की सुरक्षा है. उधर, यहां कई बार छिनतई की घटना भी हो चुकी है. आये दिन यहां मारपीट की घटना होती है.
