प्राचार्य ने जांच कमेटी गठित कर कहा, होगी कार्रवाई
चक्की : कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़नेवाली तीन छात्राओं को मंगलवार को छत पर चढ़ना महंगा पड़ गया. इतनी सी गलती एक वार्डेंन को इतनी नागवार गुजरी कि उसने तीनों छात्राओं की पिटाई कर दी. मामले को तूल पकड़ता देख बीच बचाव कर किसी तरह शांत कराया गया.
इधर, प्राचार्य त्रिलोकी राय ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के साथ ही जांच कमेटी गठित कर दी गयी है. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित वार्डेंन के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. जानकारी के अनुसार कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़नेवाली छात्राएं रेखा कुमारी, सीमा कुमारी और नेहा कुमारी खाना खाने के लिए छत पर चली गयीं. इसे वार्डेंन ने अनुशासनहीनता मानते हुए छात्राओं की पिटाई कर दी, जिसमें तीनों छात्राएं जख्मी हो गयीं. रेखा कुमारी के पिता सुग्रीव यादव ने बताया कि वार्डेंन द्वारा आये दिन छात्राओं के साथ इस तरह का वाकया दोहराया जाता है, जिससे छात्राएं वार्डेंन से भयभीत रहती हैं.
क्या कहते हैं प्राचार्य
मामले की जांच को लेकर एक कमेटी गठित की गयी है. इसके साथ ही किसी भी छात्राओं के साथ मारपीट करने का अधिकार किसी को नहीं है. अगर वार्डेंन द्वारा छात्राओं को पीटा गया है, तो उनके खिलाफ नियमानुकूल कार्रवाई की जायेगी.
त्रिलोकी राय, कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय के प्राचार्य
