प्रदर्शन. कांग्रेस ने थाली पीट कर नोटबंदी का जताया विरोध
नगर भवन होते हुए समाहरणालय पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
बक्सर : जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने नोटबंदी के खिलाफ थाली पीट कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष साधना पांडेय के नेतृत्व में किया गया. कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ता नगर भवन होते हुए समाहरणालय तक पदल थाली पीटते गये. कार्यक्रम में केंद्र सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने जम कर नारेबाजी की. जिलाध्यक्ष साधन पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार के नोटबंदी का फैसला गलत है. नोटबंदी से देश के गरीब मजदूरों पर आफत आ गयी है.
नोटबंदी से केवल भाजपा को फायदा है. भाजपा ने अपना कालाधन पहले ही बैंकों से बदल लिया है और बाद में नोटबंदी का एलान किया है. वहीं, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि नोटबंदी से करीब 100 लोगों की मौत हुई है. मोदी जी आज तक राहुल गांधी के प्रश्नों का जवाब क्यो नहीं दे रहे हैं.
पीएम मोदी ने यूपी चुनाव को देखते हुए नोटबंदी किया है. उन्होंने देश की जनता के बारे में कुछ नहीं सोचा. अगर वे सोचते, तो आज गरीब मरते नहीं. अभी भी समय है पीएम मोदी नोटबंदी का फैसला वापस ले लें. आज ले लेंगे, तो देश का विकास फिर से शुरू हो जायेगा. मौके पर पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, प्रतिभा चौबे, कामेश्वर पांडेय, राहुल आनंद, बुच्चा उपाध्याय, बजरंगी मिश्रा, संजय पांडेय, राजाराम पांडेय, चंदा देवी, रंभा देवी, वीरेंद्र राम, मंटू तिवारी, ललन दूबे, अंशु तिवारी, प्रमिला देवी आदि शामिल थे.
देश के गरीबों पर आ गयी है आफत
सोमवार को शहर में नोटबंदी के खिलाफ थाली पीटती कांग्रेसी महिलाएं.
