निर्देश. डीआरएम ने किया बक्सर स्टेशन का निरीक्षण
बक्सर : दानापुर रेल मंडल प्रबंधक आरके झा मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान मंडल के वरीय अधिकारियों के साथ डीआरएम ने रेल परिचालन एवं यात्रियों के लिए किये गये सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया. रेलवे स्टेशन प्लेटफाॅर्म सर्कुले¨टग एरिया निरीक्षण किया. स्पेशल ट्रेन से देर शाम बक्सर स्टेशन उतरे . सबसे पहले प्रबंधक ने चालकों के लिए कार्यरत क्रू लॉबी कार्यालय का निरीक्षण किया. चालकों के ड्यूटी रजिस्टर एवं सुरक्षा उपकरण की जांच की. इसके बाद जांच स्टेशन के भोजनालय पहुंचे. इसके साथ ही भोजनालय में रेट लिस्ट नहीं होने पर भी कर्मियों को फटकार लगायी.
कहा कि इसे जल्द लगाएं. डीआरएम ने स्टेशन पर रखे दुर्घटना सहायता मेडिकल उपकरण का निरीक्षण करते हुए उसे और बेहतर करने का निर्देश दिया. डीआरएम ने एक-एक कर सभी बिंदुओं पर जांच की. डीआरएम के आगमन को लेकर पहले से ही स्टेशन परिसर पर पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया था. दूर-दूर तक गंदगी नजर नहीं आ रही थी. इस दौरान स्टेशन प्रबंधक मिथिलेश कुमार पांडेय, सफाई निरीक्षक, वरीय मंडल अभियंता समेत कई लोग थे. डीआरएम के निरीक्षण से काफी देर तक रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति व्याप्त रही.
यात्रियों के बीच जाकर जाना उनका हाल : डीआरएम आरके झा करीब एक घंटे से ज्यादा का वक्त बक्सर स्टेशन पर बिताया. इस दौरान उन्होंने यात्रियों से उनका हाल जाना. डीआरएम यात्रियों के बीच पहुंचे जहां कई तरह की शिकायतें मिलीं. इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द-से-जल्द ठीक कर लेने का निर्देश दिया. यात्रियों ने स्टेशन परिसर में शौचालय बंद होने की बात से डीआरएम को अवगत कराया. इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारी को फटकार लगायी.
डीआरएम के आने के पहले बदल गया बक्सर स्टेशन का नजारा
डीआरएम के आने के पहले ही बक्सर स्टेशन का नजारा पूरी तरह से बदल गया था. स्टेशन परिसर में पूरी सफाई थी. सभी अधिकारी ड्रेस कोड के साथ मुस्तैद थे. डीआरएम के आने के पहले स्टेशन परिसर के सर्कुलेटेड एरिया से दुकानों को हटा दिया गया था, ताकि उन्हें कुछ पता नहीं चल पाये. डीआरएम ने अधिकारियों को कई तरह के निर्देश देते हुए यात्री सुविधाओं का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया.
स्टेशन का बदला-बदला सा दिखा नजारा, नहीं थी गंदगी
मंगलवार की शाम बक्सर स्टेशन पर सुविधाओं के बारे में यात्रियों से बात करते डीआरएम.
