अहिरौली मोड़ के समीप से कार से हुआ बरामद
बक्सर : बक्सर पुलिस ने 30 किलो गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. तस्कर के पास से एक कार भी बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल वह गांजे की तस्करी के लिए कर रहा था. एएसपी शैशव यादव ने सोमवार को एक प्रेसवार्ता की. प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक तस्कर बलिहार से गांजा खरीद कर बलिया बेचने के लिए ले जा रहा है. सूचना मिलने के साथ ही औद्योगिक थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर अहिरौली मोड़ के समीप छापेमारी की गयी, जहां से एक कार से 30 किलो गांजे के साथ यूपी के बलिया निवासी अखिलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि गांजा बक्सर के बलिहार से खरीदा गया था जिसके आधार पर बलिहार के तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. पूछताछ के दौरान कई ऐसे लोगों के नाम उजागर हुए हैं, जो इस धंधे में शामिल हैं. उनकी गिरफ्तारी को लेकर एक टीम भी गठित की गयी है, जो छापेमारी कर रही है.
