उदासीनता . जिले में 66 मीटरिक टन धान की अब तक हुई खरीद
जिले में धान खरीद में नमी बहुत बड़ा बाधक बन रहा है. अब तक 66 मीटरिक टन धान की खरीद हो पायी है. 15 दिन बीत जाने के बाद भी सभी पैक्स पर धान की खरीद नहीं हो पा रही है, जिससे किसान परेशान हैं.
बक्सर : धान खरीद में तेजी लाने के लिए विभाग ने 89 पैक्स और व्यापार मंडलों के बीच 32 करोड़ 54 लाख रुपये का आवंटन कर दिया गया है. लेकिन ठंड एवं कोहरे के कारण धान खरीद की गति धीमी पड़ती दिखाई दे रही है. धान में अभी 22 प्रतिशत से ज्यादा नमी है. जबकि 17 प्रतिशत से अधिक नमीवाले धान की खरीदारी नहीं करनी है. जिले में 3400 किसानों ने अब तक अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है. धान खरीद में आनाकानी करनेवाले पैक्सों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. वहीं, जिलाधिकारी रमण कुमार ने सभी पैक्स व व्यापार मंडलों को धान खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया है.
ऑनलाइन पेमेंट भी हुआ शुरू : धान खरीद के साथ ही दो दिनों के अंदर रुपये का भुगतान करने को लेकर ऑनलाइन पेमेंट शुरू कर दिया गया है ताकि किसानों के खाते में जल्द- से- जल्द पैसा जा सके. बीएसओ ने बताया कि इटाढ़ी प्रखंड के हरपुर और जयपुर पैक्स के दो किसानों का एडवाइज बैंक में भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पेमेंट की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.
नमी के कारण धान खरीद में नहीं आ रही तेजी : धान में नमी होने के कारण धान की खरीद नहीं हो पा रही है. नमी की मात्रा 22 प्रतिशत से भी ज्यादा है. ऐसे में पैक्स और व्यापार मंडल धान नहीं खरीद पा रहे हैं. जबकि 17 प्रतिशत नमी पर धान की खरीद की जानी है. इसके अलावा प्रतिदिन धान खरीद की समीक्षा की जा रही है. इधर धान खरीद नहीं होने से किसानों को काफी परेशानी हो रही है.
छोटे किसान व व्यापारी परेशान : अनाज मंडी में धान की धीमी गति से चल रही खरीद को लेकर छोटे व्यापारी व किसान परेशान हैं. खरीदार बोली के लिए ढेरियों के पास तो जाते हैं, लेकिन नमी का बहाना बना कर खरीदने में आनाकानी करते हैं.
इन दिनों धान की फसल से मंडी खरीद केंद्र अटे हुए हैं.किसान व छोटे व्यापारियों का कहना है कि जिन दुकानों पर भारी मात्रा में धान की आवक होती है, वहां से तो सीधा माल खरीद लिया जाता है या फिर जिनके खुद की मिल है, उन दुकानों से धान बिक जाता है. एजेंसी के अधिकारी नमी का बहाना बना कर आनाकानी करते हैं. उनका कहना है कि पहले सरकार कटौती के साथ 22 प्रतिशत नमीवाला धान खरीदती थी. लेकिन, अब ऐसा नहीं हो रहा, जिससे काफी परेशानी हो रही है.
3400 किसानों ने कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जिले में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 3400 किसानों ने कराया है. धान खरीद को लेकर रजिस्ट्रेशन और ज्यादा कराने को लेकर किसानों को जल्द-से-जल्द अपना निबंधन ऑनलाइन कराने को कहा जा रहा है. सरकार के नये नियम के अनुसार जिन किसानों का निबंधन नहीं होगा. उनके धान की खरीदारी नहीं होगी. रजिस्ट्रेशन कराते वक्त किसान अपना करेंट मालगुजारी की रसीद और भूस्वामी प्रमाणपत्र की छायाप्रति जरूर दें. ऐसा नहीं करने से उनके धान की खरीद नहीं हो सकती है.
अजय कुमार अलंकार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, बक्सर
3400 लोगों ने कराया निबंधन
ऑनलाइन पेमेंट भी हुआ शुरू, दो पैक्सों के बैंक में भेजे गये एडवाइज
रजिस्ट्रेशन के वक्त करेंट मालगुजारी और भू-स्वामी प्रमाणपत्र की लगाये कॉपी
