लोगों को आने-जाने में होती है परेशानी
डुमरांव : प्रतिदिन जाम की समस्या से लोग तंग होकर परेशान हो रहे हैं. सड़क के किनारे दुकानदारों के साथ-साथ आम जनता भी परेशानी उठा रही है. फिर भी इसका कोई निदान नहीं हो पा रहा है. यह हालत प्रखंड के कोरानसराय चौक की है.
मुख्य चौक से होकर चौगाई की ओर जाने वाली सड़क पर कुछ ऐसा ही हाल रोज देखने को मिल जाता है. जहां मुख्य चौक के आस-पास टेंपो चालक व अन्य वाहन चालक अपने वाहनों को जहां-तहां लगाकर सवारी बैठाने एवं उतारते है. जबकि स्थानीय प्रशासन ऐसा न करने की हिदायत भी देता रहा है. पर, वाहन चालक मानते ही नहीं. इसकी वजह से लोग जाम की समस्या में फंस कर परेशानियों का सामना करते है.
स्थानीय दुकानदारों की मानें तो जाम की समस्या के कारण दुकानदारी चौपट हो जाती है. वहीं जाम की समस्या के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं को भी काफी मुश्किलें उठानी पड़ती हैं. इससे निजात के लिए भाजपा नेता डाॅ संजय यादव ने जिला प्रशासन से गुहार लगायी है.
