शव को लाने के लिए बोकारो के लिए रवाना हुए परिजन
कृष्णाब्रह्म : रविवार की सुबह सरौरा गांव में सबकुछ सामान्य था, तभी लगभग 9:30 बजे के आसपास मातमी सन्नाटा पसर गया और गांव के लाल जी सिंह के घर चीत्कार सुनाई देने लगी. घर के लोगों की रोने की आवाज सुन कर आसपास के लोग पहुंचे, तो पता चला कि लाल जी ने बोकारो में आत्महत्या कर ली है़ इस खबर को सुनते ही सरौरा गांव गम में डूब गया. परिजनों को इसकी सूचना बोकारो के एक अधिकारी द्वारा दी गयी. गांव के लोग भी इस घटना से पूरी तरह मर्माहत हैं. सुननेवालों को तो एक पल यकीन भी नहीं हुआ कि अब लाल जी सिंह इस दुनिया में नहीं हैं. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
लालजी सिंह के दो बेटे और एक बेटी है. बेटी रेशमी की शादी फरवरी माह में करनी थी. घर में इसको लेकर सारी तैयारी की जा रही थी. ग्रामीण बसावन कुशवाहा, योगेंद्र कुशवाहा ने बताया कि लालजी सिंह काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. वहीं, उनका भाई संतोष गांव में ही खेती करते हैं. परिजन शव को लाने के लिए झारखंड के बोकारो रवाना हो गये. वहीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.
