हादसा. ज्योति प्रकाश चौक के पास नहर में पलटी स्कूली बस
गुरुवार की अहले सुबह स्कूली बसचालक की लापरवाही से बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर नहर में समा गयी. शुक्र इतना था कि गाड़ी घटना के बक्त खड़ी थी. नहर में पानी भी कम था.वाहन में गति नहीं होने के कारण बच्चों को हल्की चोटे लगी. घटना के बाद बच्चों को बचाने के लिए आस-पास के लोग दौड़ पड़े. बस का शीशा तोड़ कर बच्चों को निकाला गया.
बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के ज्योति प्रकाश चौक के समीप डीएवी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर नहर में पलट गयी. इस हादसे में तीन दर्जन छात्र जख्मी हो गये. घायलों को इलाज के लिए निजी क्लिनकों में भरती कराया गया. घटना के बाद काफी देर तक अफरातफरी का माहौल कायम रहा. स्कूली बस को नहर में पलटते देख मुहल्ले के मदद के लिए दौड़ पड़े.
बस का शीशा तोड़ कर सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला गया. नहर में पानी कम था, जिस वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका. बस पलटने की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन के होश उड़ गये. वहीं, बच्चों के अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंचे. जानकारी के अनुसार बस जूनियर विंग के बच्चों को लेकर बस बाइपास स्थित डीएवी स्कूल में ला रही थी. इसी दौरान पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद स्कूली बस का चालक विजय कुमार बस से उतर कर ट्रकचालक से उलझ गया. बस चालू हालत में ही थी. लोग अभी कुछ समझ पाते कि ढलान से तेजी से बस नहर में पलट गयी, जिससे यह हादसा हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच चालक के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है.
