चौसा : मूर्ति विसर्जन के दौरान बुधवार को चार लोग गंगा में डूब गये थे. समय से प्रशासन के नहीं पहुंचने पर लोग आक्रोशित हो उठे और सीओ के वाहन में आग लगा दी गयी थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ के बयान पर छह लोगों को नामजद करते हुए दो दर्जन से ज्यादा अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी दर्ज होने के साथ ही नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लग गयी है. वहीं, उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है.
विदित हो कि विसर्जन के दौरान सरेंजा गांव के चार लोगों की मौत गंगा नदी में डूब जाने से हो गयी थी. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने महादेवा घाट पर काफी उपद्रव किया और सीओ के वाहन में आग लगा दी गयी थी, जिससे वाहन पूरी तरह जल गयी थी. थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है.
