दुर्गापूजा में नहीं होगी बिजली की कटौती

तैयारी पर चर्चा. डीएम ने कहा, सभी पूजा पंडालों पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट व जवान बक्सर : जिलाधिकारी रमण कुमार ने गुरुवार को सभी विभाग के अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षात्मक बैठक की. इस दौरान सभी विभागों में चल रहे विकास योजनाओं की समीक्षा की. वहीं, पर्व त्योहारों को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों […]

तैयारी पर चर्चा. डीएम ने कहा, सभी पूजा पंडालों पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट व जवान

बक्सर : जिलाधिकारी रमण कुमार ने गुरुवार को सभी विभाग के अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षात्मक बैठक की. इस दौरान सभी विभागों में चल रहे विकास योजनाओं की समीक्षा की. वहीं, पर्व त्योहारों को देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली कटौती नहीं करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मेला के पहले पूर्ण रूप से बिजली के सभी फाल्टों को दूर कर लें, ताकि लगातार बिजली मिलती रहे. ऐसा नहीं करने पर बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. वहीं, पूजा पंडाल पर क्लस्टर बनाया जायेगा़ सभी पंडालों पर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गयी है़ साथ ही कई चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा बक्सर और डुमरांव दोनों जगहों पर लगाया गया है़
डीएम ने स्वच्छता अभियान के बारे में बताया कि पूरे जिले में चलाया जा रहा है, जिससे शीघ्र ही जिला खुले में शौचमुक्त हो सकेगा. स्वच्छता अभियान भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में एवं नगर क्षेत्रों में यह कार्यक्रम चला रही है़ उन्होंने बताया कि गंगा किनारे स्थित 17 पंचायतों को भी खुले में शौचमुक्त बनाने के लिए 31 मार्च, 2017 का समय तय किया गया है़
जिले को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन हर कदम उठा रहा है़ शुरू में बेस लाइन सर्वे में छूटे लोगों के लिए बिहार सरकार ने लोहिया स्वच्छता अभियान योजना की शुरुआत की है. इससे वंचित लोग भी इसका लाभ पा सके़ इसके साथ गंगा को भी पूरी तरह से स्वच्छ किया जा रहा है़ वहीं, वर्ष 2019 तक जिले को सरकार की योजना के अनुसार खुले में शौचमुक्त बनाने की पहल जोरशोर से शुरू है़
15 नवंबर तक रैयतों को कर दिया जायेगा भुगतान : वहीं डीएम रमण कुमार ने बताया कि एनएच 84 पर बने रहे फोरलेन में गये भूमि के रैयतों का भुगतान 15 नवंबर तक कर लिया जायेगा़ साथ ही कहा कि कुछ लोगों के नाकारात्क सोच के कारण आवाजे उठाई जा रही हैं. जबकि इस फोरलेन योजना का सभी लोगों ने सराहना की है़ अब तक 72 लाख रुपये भुगतान किया जा चुका है़ इसको गति देने के लिए 13 जगहों पर एलपीसी के लिए कैंप लगाया गया है़
नयी शराब नीति की भी दी जानकारी : डीएम ने कहा कि दो अक्तूबर से नयी शराब नीति लागू हो गयी है. इसके तहत आदतन शराबियों को अब राज्य बदर किया जायेगा, जिससे शराबबंदी पूर्ण रूप से सफल हो सके. उन्होंने कहा कि इसके तहत कई तरह के नियम बनाये गये हैं. इसके साथ ही शराबबंदी को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिया.
बैठक के दौरान सोये रहे नहर विभाग के अधिकारी: डीएम रमण कुमार विभाग की जहां महत्वपूर्ण समीक्षा कर रहे थे. वहीं, नहर विभाग के एक अधिकारी नींद में थे. इसे देख कर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अधिकारी योजनाओं के प्रति कितने संजीदा हैं. बैठक के दौरान वे नींद में रहे जब कैमरे का फ्लैश चमका, तो पास में बैठे एक अधिकारी ने उन्हें जगाया. डीएम के साथ बैठक में साहब का अगर ये हाल है, तो आम जनता की बातों पर वे कितना ध्यान देते होंगे.
20 विद्युत कर्मी रहेंगे तैनात : दशहरा में विद्युत संबंधि शिकायतों के निबटारे को लेकर विद्युत विभाग पूरी तरह मुस्तैद है. हमेशा 20 कर्मी मौजूद रहेंगे. इन कर्मियों को शहर के पूर्वी और पश्चिमी में इन्हें बांटा गया है. ये कर्मी शिकायत मिलते ही समस्या को निबटाने में लग जायेंगे. विभाग के अनुसार इनकी संख्या बढ़ भी सकती है. विभाग इन्हें अलर्ट कर दिया है.
पूजा समितियों को लेना है बिजली कनेक्शन : पूजा पंडाल समिति बिना कनेक्शन लिए बिजली की आपूर्ति कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना है. विद्युत कंपनी के जेइ और पदाधिकारी कनेक्शन देने के लिए सीधे पूजा पंडाल पर ही पहुंच रहे हैं. एक दिन के लिए एक केवीए का कनेक्शन दिया जा रहा है, जिसके लिए 1090 रुपये का बिल बनाया जा रहा है. यानी तीन दिनों के लिए तीन हजार दो सौ सत्तर रुपये का भुगतान करना होगा. बिजली कनेक्शन समिति के अध्यक्ष और सचिव के नाम पर लिया जायेगा. बिजली कनेक्शन नहीं लेने पर और चोरी करते पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना भी लग सकता है.
बिजली की परेशानी पर यहां कर सकते हैं शिकायत
कस्टमर केयर-06183-225029, 7033095837, 7763814658
सहायक विद्युत कार्यपालक अभियंता-7763814282
जिला विद्युत कार्यपालक अभियंता-7763814281
दुर्गापूजा को लेकर विभाग की तैयारी है पूरी
दशहरा को लेकर पूरी तैयारी है. कोशिश की जा रही है कि पर्व में विद्युत व्यवस्था ठीक रहे. परंतु, परिस्थिति वश कुछ भी हो सकता है. फिलहाल, जिले को 45 मेगावाट बिजली मिल रही है. अतिरिक्त बिजली नहीं मिली है.
संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >