तैयारी में कमी. उपभोक्ता घंटों करते रहे कर्मियों के आने का इंतजार
बक्सर : जिले में राशन कूपन वितरण का प्रथम दिन काफी खराब रहा. कई जगहों पर कूपन वितरण नहीं हो पाया, जिससे लोगों में काफी आक्रोश दिखा और विरोध प्रकट किया गया. जबकि कुछ जगहों पर कर्मी काफी विलंब से पहुंचे और कूपन का वितरण किये. जहां कूपन नहीं बंटा उस संबंध में विभाग बताता है कि प्रथम दिन होने के कारण कूपन पहुंचने में थोड़ी परेशानी हुई, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई. सूचना के अनुसार गुरवार की सुबह नौ बजे से पहले ही लोग कूपन वितरण शिविर में पहुंच गये थे.
बक्सर नगर में वार्ड एक से लेकर आठ तक का कूपन वितरण होना था. इसके लिए चरित्रवन स्थित विश्वामित्र प्राथमिक विद्यालय और नया बाजार स्थित आदर्श मध्य विद्यालय को वितरण केंद्र बनाया गया था, पर यहां दोपहर एक बजे तक नगर पर्षद से एक भी कर्मी कूपन बांटने के लिए नहीं आये थे. कूपन लेने के लिए लोग सड़क के किनारे ही बैठे थे. जबकि महिलाएं विद्यालय के चबुतरे पर बैठ कर कर्मियों के आने का इंताजार कर रही थीं. लोगों के चेहरे पर गुस्सा था.
यहीं हाल नया बाजार के आदर्श मध्य विद्यालय पर भी रहा. यहां सैकड़ों महिलाएं विद्यालय के बाहर चबुतरे पर बैठी थीं. महिलाओं ने बताया कि कूपन लेने के लिए वे सुबह नौ बजे ही आ गयीं हैं, परंतु कर्मचारी अब तक नहीं आये, जिसका इंतजार किया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि जिले में कुल एक लाख 62 हजार 480 लाभुकों के बीच राशन कूपन का वितरण करना है. इसके लिए विभाग 19 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया है.
सात प्रखंडों में नहीं बंटा कूपन
वितरण के प्रथम दिन ग्यारह प्रखंडों के 42 गांवों में कूपन का वितरण करना था, परंतु महज 12 गांवों के लोगों को ही राशन कूपन मिल पाया है. जिनमें बक्सर प्रखंड के पांडेय पट्टी, कमरपुर, चौसा प्रखंड के सिकरौल, बनारपुर, डेहरी, जलीलपुर, राजपुर के नागपुर, राजपुर, मंगराव, बारूपुर, ब्रह्मपुर के उत्तरी नैनीजोर और महुआर शामिल है. जबकि इटाढ़ी, डुमरांव, सिमरी, चक्की, नावानगर, चौंगाई और केसठ में लोगों को कूपन नहीं मिल पाया. यहां लोग घंटों शिविर केंद्र पर बैठ कर कर्मियों का इंतजार करते रहे. इन जगहों पर आज भी कूपन वितरण का शिविर है.
कर्मियों के इंतजार में घंटों बैठे रहे लोग : आक्रोशित लोगों ने केंद्र पर जिला प्रशासन के खिलाफ विराेध जताया. लाभुक अशोक पांडेय, रामेश्वर राय, कुंदन कुमार निराला, बैजनाथ, शिवमुनी, सुधीर कुमार, निर्मला देवी, मीरा देवी, उषा देवी ने बताया कि वे यहां सुबह से ही कूपन लेने के लिए आये हुए हैं, परंतु एक भी कर्मी कूपन वितरण के लिए नहीं पहुंचा. यदि नहीं आना था तो कम-से-कम इसकी भी सूचना मिलनी चाहिए.
19 तक सभी को मिल जायेगा कूपन
कूपन वितरण का पहला दिन होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई है. कई जगहों पर कूपन नहीं पहुंच पाया था, लेकिन हर हाल में 19 अक्तूबर तक कूपन का वितरण करा दिया जायेगा.
शिशिर कुमार मिश्रा,आपूर्ति पदाधिकारी
पहले दिन 42 में से 12 गांवों में ही बंटा कूपन
विश्वामित्र प्राथमिक विद्यालय पर कूपन नहीं मिलने पर विरोध जताते लोग.
