चौसा : प्रखंड मुख्यालय के चौसा बाजार स्थित रामलीला मंच पर विजयादशमी महोत्सव के तहत चौसा रामलीला समिति के तत्वावधान में बुधवार से रामलीला शुरू है, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि रामलीला समिति के संयोजक पूर्व मुखिया बृजबिहारी सिंह ने फीता काटकर किया. रामलीला के पहले दिन नारद मोह प्रसंग का मंचन किया गया.
इसमें दिखाया गया कि शादी के लिए नारद मुनि हिमालय में तपस्या करते हैं. तपस्या को भंग करने के लिए इंद्र व विष्णु द्वारा मायाजाल फैलाया जाता है. फिर भी नारद की तपस्या भंग नहीं होती. सुंदर स्त्री पाने के लिए नारद नारायण से अपने लिए सुंदर रूप मांगते हैं. नारायण उन्हें बंदर का रूप दे देते हैं. बंदर रूप में नारद को देख सभी देवी देवता उनका उपहास करने लगते हैं. इससे क्रोधित नारद नारायण को शाप दे देते हैं. इस दौरान श्रीराम सिंह कुशवाहा, डॉ यूसी चौरसिया, रामदास गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
