बक्सर : बिहार का अधिकतर क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आ चुका है. प्रदेश के भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बक्सर, छपरा, आरा समेत डेढ़ दर्जन से ज्यादा जिले बाढ़ से ग्रस्त हो चुके हैं. बाढ़ के कारण 200 से अधिक जानें जा चुकी हैं. कोशी और सीमांचल में बाढ़ के कारण डूबनेवालों की संख्या 143 पहुंच गयी है. बक्सर, आरा तथा पटना में भी गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. बक्सर-आरा में भी बाढ़ के कारण कई जानें जा चुकी हैं.
प्रदेश में 500 विद्यालयों में बाढ़ के कारण पढ़ाई बंद है. 10 लाख लोग किसी-न-किसी रूप में बाढ़ से ग्रस्त हैं. बावजूद बिहार सरकार ने केंद्र से इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का कोई पहल नहीं की है यह दुर्भाग्यपूर्ण व राजनीति भावना से प्रेरित कदम है. इसकी जानकारी प्रदेश संयोजक भाजपा के पुनीत सिंह ने देते हुए प्रधानमंत्री को आवेदन देकर आग्रह किया है कि बिहार में आयी बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें एवं बाढ़ से ग्रस्त लोगों को उचित मुआवजा दिया जाये.
