उफनती गंगा से दहशत में लोग

मंडरा रहा खतरा. खतरे के निशान से महज 0. 37 मीटर नीचे बह रहा पानी बक्सर : गंगा नदी में उफान देख बाढ़ग्रस्त इलाके के लोगों में डर पैदा हो गया है. शुक्रवार को गंगा का जल स्तर 59.95 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से महज 0.37 मीटर ही नीचे है. साथ ही […]

मंडरा रहा खतरा. खतरे के निशान से महज 0. 37 मीटर नीचे बह रहा पानी
बक्सर : गंगा नदी में उफान देख बाढ़ग्रस्त इलाके के लोगों में डर पैदा हो गया है. शुक्रवार को गंगा का जल स्तर 59.95 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान से महज 0.37 मीटर ही नीचे है. साथ ही जल स्तर चेतावनी के स्तर से .63 मीटर ऊपर है. गंगा नदी के जल स्तर में पिछले तीन दिनों में 1.38 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. गुरुवार को गंगा का जल स्तर 59.63 मीटर दर्ज किया गया था. वहीं, बुधवार को जल स्तर 59.20 मीटर था.
इस बाबत बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सिद्धेश्वर साह ने बताया कि गंगा के बढ़ते जल स्तर के मद्देनजर तटबंधों की चौकसी बढ़ा दी गयी है. उन्होंने बताया कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है. गंगा के जल स्तर पर नजर रखी जा रही है. जिला प्रशासन के आपदा प्रबंधन विभाग ने विभागीय तैयारी पूरी होने की बात कही है.
अधिकारी कर रहे निरीक्षण : गंगा के जल स्तर में बढ़ोतरी के कारण जिला प्रशासन कोई भी चुक नहीं करना चाहता. डीएम रमण कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधक पदाधिकारी सुनील कुमार एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौतम कुमार लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं.
शनिवार को जिला आपदा प्रबंधक एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने सदर प्रखंड के उमरपुर एवं खुटहां पंचायत का दौरा किया. उन्होंने तटबंधों पर तैनात होमगार्ड के जवानों को निर्देश दिया कि गंगा के जल स्तर की लगातार निगरानी करें.
शनिवार से घट सकता है जल स्तर : कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इलाहाबाद एवं बनारस में गंगा नदी के जल स्तर में 0.02 मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जल स्तर नीचे जा रहा है. इसको देखते हुए यह अनुमान लगाया जा सकता है कि शनिवार से गंगा के जल स्तर में गिरावट आयेगी.
पांच प्रखंडों में चयनित किये गये हैं 36 शरणास्थल : जिले में बाढ़ का खतरा पांच प्रखंडों पर मंडरा रहा है. इनमें बक्सर, चौसा, सिमरी, ब्रह्मपुर व चक्की के 40 गांव शामिल हैं. जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने जिले के बाढ़ प्रवण इलाकों में कुल 36 स्थानों को चयनित किया है.
बक्सर : बाढ़ग्रस्त इलाकों में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्था का जायजा लेने डीएम पहुंचे. डीएम रमण कुमार ने चक्की प्रखंड स्थित गंगौली से लेकर जवही-दियर तक का जायजा लिया. मौके पर सभी तैयारियों को देख डीएम संतुष्ट दिखे.
उन्होंने सीओ राकेश कुमार सिंह को पानी कम होने के बाद नावों के परिचालन शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ के संभावित खतरे के मद्देनजर प्रखंड में तैयारियां पूरी हैं. किसी भी घटना से निबटने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा. डीएम ने जवही दियर के ग्रामीणों से मिल कर बाढ़ से संबंधित जानकारी ली. ग्रामीणों ने बाढ़ के दौरान आनेवाली समस्याओं से डीएम को अवगत कराया. उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अप्रिय स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >