चार दिनों की बारिश में शहर पानी-पानी
लोगों में रोष. नगर पर्षद की सफाई व्यवस्था ध्वस्त, कई सड़कें हुईं जलमग्न ग्रामीण क्षेत्रों में जहां किसान पानी के लिए तरस रहे थे़ वहीं, शहरी क्षेत्र में निवास करनेवाले लोग जिले में हुई चार दिनों की बारिश से त्राहिमाम कर रहे हैं़ बक्सर शहर में पानी का निकास सही तरीके का नहीं होने से […]
लोगों में रोष. नगर पर्षद की सफाई व्यवस्था ध्वस्त, कई सड़कें हुईं जलमग्न
ग्रामीण क्षेत्रों में जहां किसान पानी के लिए तरस रहे थे़ वहीं, शहरी क्षेत्र में निवास करनेवाले लोग जिले में हुई चार दिनों की बारिश से त्राहिमाम कर रहे हैं़ बक्सर शहर में पानी का निकास सही तरीके का नहीं होने से जगह-जगह जलजमाव हो गया है, जिससे आने-जाने में लोगों को भारी परेशानी हो रही है. लोगों को जितनी परेशानी हो रही वे, उतने ही नगर नर्षद को कोस रहे हैं. इस बारिश ने नगर पर्षद की सफाई व्यवस्था की सारी पोल खुल गयी है़
सबसे बुरा हाल मुनीम चौक का है
बक्सर : चार दिनों से हो रही लगातार बारिश से बक्सर शहर पानी-पानी हो गया. पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण कई जगहों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है. बारिश से शहर की स्थिति नारकीय हो गयी है. सबसे बुरा हाल मुनीम चौक और डीके स्कूल के पास का है, जहां रास्ते पूरी तरह जलमग्न हो गये हैं. बारिश के कारण नगर पर्षद की सफाई व्यवस्था का पोल भी खुल कर सामने आ गया है. जलजमाव होने के कारण लोगों को पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नगर पर्षद के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है. जिलाधिकारी के आवास के सामने ही पानी लगा हुआ है. वहीं, विद्यालय में जाने के लिए छात्र पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंच रहे हैं.
इन जगहों पर हुआ जलजमाव
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई सड़कें जलमग्न हो गयीं हैं. शहर के मेन रोड, मुनीम चौक, डीके स्कूल, डीएम आवास के समीप, चरित्रवन, स्टेशन रोड में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण जलजमाव की समस्या बनी है.
क्या कहते हैं शहरवासी
पिंटू पोद्दार ने बताया कि नगर पर्षद को सफाई की व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं है. साफ-सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. नालों की सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं होने से जलजमाव की समस्या बनी रहती है.
विनय श्रीवास्तव ने बताया कि जलजमाव के कारण कई जगहों पर स्थिति नारकीय हो गयी है, फिर भी नगर पर्षद द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. पानी निकासी को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी.
विपुल कुमार ने बताया कि पानी निकासी शहर के लिए एक बड़ी समस्या बनती जा रही है. बरसात के दिनों में यह और भयावह हो जाती है. पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण हल्की बरसात में ही जलजमाव उत्पन्न हो जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता
पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था करने के लिए एक कार्य योजना तैयार की जा रही है. जल्द ही आनेवाले दिनों में शहर को जलजमाव की समस्या से निजात मिल जायेगी. उन्होंने कहा कि जलजमाव होनेवाले कई जगहों को चिह्नित किया गया है. जिस पर कार्य आनेवाले दिनों में किया जायेगा.
अनिल कुमार, कार्यपालक अभियंता, नप