खुशखबरी. बिजली उपभोक्ताओं की बचेगी 150 यूनिट बिजली
बिजली विभाग उपभोक्ताओं को अब कम बिजली खपत करनेवाला पंखा देने की तैयारी में जुट गया है़ इस पंखे के इस्तेमाल से उपभोक्ताओं को काफी हद तक कम बिजली बिल आयेगा और उनकी आर्थिक स्थिति भी ठीक रहेगी़
85 रुपये में मिल रहा एलइडी बल्ब, 800 से 950 रुपये में मिलेगा पंखा
बक्सर : जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिये अच्छी खबर है. उपभोक्ताओं को अब अधिक पंखे चलाकर भी कम बिजली का बिल जमा करना पड़ेगा. बिजली विभाग एलइडी बल्ब के साथ-साथ अब कम वोल्टेजवाला पंखा भी मुहैया कराने जा रहा है. केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देश पर उपभोक्ताओं के बिजली बिल को कम करने के लिये यह पहल शुरू की गयी है
इस बाबत साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी ने बताया कि बिजली बचाने के लिए रियायती दरों पर एलइडी बल्ब मुहैया कराने का अभियान चलाने के बाद अब विद्युत मंत्रालय के निर्देश पर विभाग लोगों को पंखा बांटने की तैयारी में है. गरमी में बिजली का बिल कम आये व जिले में बिजली की खपत को सीमित रखी जा सके. इस लिए यह तैयारी की जा रही है. इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को बाजार से आधा दाम पर पंखा मुहैया कराया जायेगा. पंखा घरों में लगे पुराने पंखों के मुकाबले कम बिजली से चलेगा.
एलइडी की सफलता के बाद पंखा बांटना बड़ी उपलब्धि : विद्युत मंत्रालय की ओर से 300 रुपये की लागत का एलइडी बल्ब 85 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है. इस बाबत साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग अब इस योजना की सफलता को पंखा बांट कर दोहराना चाहता है. एलइडी बल्ब बांटने की जिम्मेदारी मंत्रालय ने इइएसएल एजेंसी को दिया था. एलइडी योजना की सफलता के बाद पंखा बांटने की भी जिम्मेदारी इइएसएल एजेंसी को ही दी जायेगी.
950 रुपये में मिलेगा फाइव स्टार रेटिंगवाला पंखा : पायलट प्रोजेक्ट के तहत 950 रुपये में फाइव स्टार रेटिंगवाला पंखा बांटा जायेगा. यह पंखा महज 50 वाट बिजली से ही चलेगा. इस तरह के पंखे की कीमत खुले बाजार में करीब 1700 से 1800 रुपये तक है. इसके अलावा बिना रेटिंग के 80 वाट के पंखे 800 से 900 रुपये तक बेचे जायेंगे. फिलवक्त सूत्रों के अनुसार उपभोक्ताओं को शुरू में एक कनेक्शन पर एक ही पंखा मुहैया कराया जायेगा. बाद में इसकी संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है.
फिलहाल 85 रुपये में मिल रहा एलइडी बल्ब : उपभोक्ताओं को 85 रुपये में नौ वाट का एलइडी बल्ब उपलब्ध कराया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि शुरुआत में बिजली उपभोक्ताओं को एक कनेक्शन पर तीन-तीन एलइडी बल्ब मुहैया कराया जा रहा था, लेकिन राज्य सरकार की पहल पर अब बिजली उपभोक्ताओं को 85 रुपये प्रति बल्ब की दर से अधिकतम 10 एलइडी बल्ब मिल रहा है. बिजली बिल जमा लेनेवाले काउंटरों से उपभोक्ता ये बल्ब खरीद सकेंगे. एक साल एक बल्ब जलाने पर 100 रुपये से भी कम बिल आयेगा. यह लो वोल्टेज में भी जलेगा.
