कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव की घटना
बक्सर : न्याय देने वाले उपसरपंच द्वारा एक पीड़िता के साथ छेड़खानी की गयी. महिला द्वारा शोर मचाने पर उपसरपंच भाग खड़ा हुआ. घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार गांव में शुक्रवार को हुई. इसको लेकर पीड़िता के बयान पर महिला थाने में उपसरपंच के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज करायी गयी है.
आरोपित उपसरपंच वीरेंद्र तिवारी नैनीजोर पंचायत का उपसरपंच बताया जाता है. महिला थानाध्यक्ष कचंन कुमारी ने बताया कि पीड़ित महिला कठार गांव की रहनेवाली है. उसका मायका नैनीजोर में है. बताते हैं कि उसने अपने पिता व भाई को तीन लाख रुपये दिये थे. बार-बार मांगने के बावजूद पिता व भाई द्वारा पैसा लौटाने में आनाकानी की जा रही थी. इसको लेकर महिला द्वारा कोर्ट में एक मुकदमा किया गया था.
इस बीच उपसरपंच द्वारा कोर्ट में पैसा वापस कराने का आश्वासन दिया था. इसे देखते हुए महिला उपसरपंच के साथ ही गांव से आयी थी. इस क्रम में उपसरपंच पूरे रास्ते उसके साथ छेड़खानी करता रहा. उसके बाद बक्सर में बस से उतरने के बाद महिला को खींच कर ले जाने लगा. इस पर महिला शोर मचाने लगी.
इसके बाद आसपास के लोग जमा हो गये. भीड़ जमा होते देख आरोपित उपसरपंच भाग खड़ा हुआ. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है.
