नौ जुलाई को डीएम ने किया था निरीक्षण, मिली थीं अनियमितताएं
बक्सर : नावानगर प्रखंड के बाबूगंज इंग्लिश स्थित डाफाडिहरी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका व संचालिका को डीएम के निर्देश पर बरखास्त किया जायेगा. डीएम रमण कुमार ने नौ जुलाई को नावानगर केंद्र का निरीक्षण किया था. इसमें उक्त आंगनबाड़ी केंद्र पर डीएम ने लापरवाही पायी थी. निरीक्षण के समय केंद्र में मात्र नौ ही बच्चे उपस्थित थे. सेविका ने बताया कि पोषाहार बंद होने की वजह से बच्चे कम आ रहे हैं. वहीं, सेविका द्वारा संधारित उपस्थिति पंजी में 40 बच्चों की उपस्थिति दिखायी जाती थी.
कभी 38, 35 व 36 बच्चों की उपस्थिति दिखायी जा रही थी. मामले को गंभीरतापूर्वक लेते हुए डीएम ने डीपीओ को मामले की जांच का आदेश दिया. उन्होंने कहा पोषाहार एवं अन्न लाभ की राशि के गबन की वसूली करें. सेविका द्वारा बच्चों के ग्रोथ चार्ट एवं बच्चियों की सूची नहीं दिखाने को लेकर डीएम ने उक्त सेविका एवं संचालिका से स्पष्टीकरण की मांग की है. डीएम ने नावानगर के सीडीपीओ को प्रखंड स्थित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर सभी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि त्रुटियों को जल्द दूर किया जाये, ताकि अगली जांच में इस प्रकार की अनियमितताएं नहीं उजागर हो. वहीं, सभी सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर मरम्मती का प्रतिवेदन संबंधित बीडीओ को समर्पित करने का निर्देश दिया.
