सांसद सीग्रीवाल ने सुनीं लोगों की समस्याएं
लकड़ी नवीगंज : महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने नरहरपुर गांव में लोगों से मिल कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराने का आश्वासन दिया. सांसद ने केंद्र सरकार द्वारा चलायी जा रहीं योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की.
सांसद ने केंद्र सरकार द्वारा बीपीएल परिवार को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिये जाने की योजना के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि यदि इस योजना में किसी के द्वारा भी अनियमितता बरती गयी, तो वे दोषी की पहचान करा कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करायेंगे. गरीबों की हकमारी कतई बरदाश्त नहीं करेंगे. मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश पांडेय, ब्रजेंद्र सिंह पप्पू, त्रिभुवन राम, जितेंद्र सिंह, शंभुनाथ सिंह, सीताराम महतो, कमलेश कुमार उपस्थित रहे.
