बक्सर : बिहार के स्कूलों में शिक्षा का स्तर दिन-प्रतिदन गिरता जा रहा है. सरकार जिन शिक्षकों के भरोसे राज्य में गुणवत्तापूर्ण व रोजगारपरक शिक्षा स्थापित करना चाहती है, वे शिक्षक पढ़ाना तो दूर, सामान्य भाषा भी नहीं लिख पाते हैं.
इससे आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था कैसे बदहाल होती जा रही है. ताजा मामला आया है बक्सर के एक प्राथमिक विद्यालय का जहां एक शिक्षिका नमस्कार व आशीर्वाद जैसे शब्द भी नहीं लिख पायी. हुआ यह कि डीएम रमण कुमार औचक निरीक्षण के लिए जब प्राथमिक विद्यालय, मसर्हिया पहुंचे तो एक शिक्षिका गायब मिलीं. वहीं दूसरी शिक्षिका व प्रधानाध्यापिका रूबी कुमारी को जिलाधिकारी ने नमस्कार लिखने को कहा, तो उन्होंने इसकी जगह नस्मकार लिख दिया. शिक्षिका आशीर्वाद भी नहीं लिख पायी. यह देख डीएम भड़क गये और कहा कि क्या इसी तरह बच्चों को पढ़ाती हैं ? निरीक्षण के दौरान विद्यालय में काफी गड़बड़ी पायी गयी.
कुल 43 छात्रों की जगह महज 16 छात्र ही विद्यालय में उपस्थित दिखे. वहीं, पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि रेखा कुमारी महीने में दो दिन ही स्कूल आती हैं. लाभुकों तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं कि नहीं, इसकी जांच करने डीएम मसर्हिया गांव पहुंचे. इसी के दौरान डीएम ने जब प्राथमिक विद्यालय की जांच की तो वे स्तब्ध रह गये.
