14 लाख पेंशन राशि का गबन

घर में रख लिये पैसे और पुलिस को दी चोरी की सूचना डुमरांव/सिमरी : बक्सर में पूर्व मुखिया व पंचायत सचिव द्वारा बुधवार को पेंशन योजना की 14 लाख की राशि का गबन कर लिया गया. इसके बाद दोनों द्वारा मामले को राशि की चोरी का रूप देने का प्रयास किया गया. गबन की गयी […]

घर में रख लिये पैसे और पुलिस को दी चोरी की सूचना

डुमरांव/सिमरी : बक्सर में पूर्व मुखिया व पंचायत सचिव द्वारा बुधवार को पेंशन योजना की 14 लाख की राशि का गबन कर लिया गया. इसके बाद दोनों द्वारा मामले को राशि की चोरी का रूप देने का प्रयास किया गया. गबन की गयी राशि लाभुकों के बीच बांटने के लिए बैंक से निकाली गयी थी. गबन का यह मामला सिमरी प्रखंड के गायघाट पंचायत पंचायत में हुई है. इस मामले में पुलिस ने पूर्व मुखिया रजनीकांत ओझा व पंचायत सचिव चंद्रमा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है.
पूर्व मुखिया के घर से एक अवैध देशी कट्टा व कारतूस भी बरामद किया गया है. इसकी जानकारी एसपी उपेंद्र शर्मा ने दी. उन्होंने बताया कि पूर्व मुखिया व पंचायत सचिव की मिलीभगत से राशि का गबन किया गया है. दोनों से गबन की गयी राशि के बारे में पूछताछ की जा रही है. हथियार के बारे में भी पूर्व मुखिया से जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है.
पूछताछ के बाद हुआ गबन का खुलासा : बुधवार की सुबह करीब चार बजे पूर्व मुखिया के भाई ऋषिकांत की नींद खुली, तो देखा कि कमरे में बाहर से ताला लगा दिया गया है. इसकी जानकारी उन्होंने अपने भाई को दी. इसके बाद स्थानीय चौकीदार व थाने को जानकारी दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विंध्याचल प्रसाद पुलिस बल के साथ पूर्व मुखिया के दरवाजे पर पहुंचे और ताला तोड़ कर कमरे के अंदर पहुंचे.
छानबीन में पता चला कि अलमारी का एक पल्ला खुला था. दूसरे पल्ले की चाबी मुखिया के पास थी. इस दौरान कमरे की सघन छानबीन की गयी. तलाशी के दौरान एक 315 बोर का देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस मिला. इसके बाद पुलिस ने पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पंचायत सचिव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गयी है. इस क्रम में राशि को हड़प लेने का खुलासा हुआ.
पूर्व मुखिया के घर से अवैध हथियार बरामद
पंचायत सचिव व पूर्व मुखिया गिरफ्तार
बैंक से निकासी के बाद कर्मचारी ने पूर्व मुखिया के घर रखी थी राशि
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, एसपी ने दिया कार्रवाई का निर्देश
क्या है मामला
गायघाट पंचायत के पंचायत सचिव द्वारा मंगलवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि का वितरण करने के लिए बैंक से 14 लाख रुपये की निकासी की गयी थी. राशि का वितरण नहीं होने की स्थिति में साजिश के तहत पंचायत सचिव द्वारा राशि पूर्व मुखिया के घर रख दी गयी. इस बीच बुधवार की सुबह पूर्व मुखिया द्वारा पैसा चोरी होने की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष विंध्याचल प्रसाद मौके पर पहुंच गये
और जांच शुरू कर दी. इस क्रम में मामला संदेहास्पद मिला. इस पर पूर्व मुखिया व सचिव को हिरासत में ले लिया गया. बाद में एसपी उपेंद्र शर्मा व बीडीओ अर्चना कुमारी भी सिमरी पहुंचे और मामले की पड़ताल की. इस दौरान एसपी ने जब दोनों से पूछताछ की, तो मामला गबन का निकला. इसको लेकर पूर्व मुखिया व सचिव के खिलाफ सरकारी राशि गबन करने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. हथियार बरामदगी के मामले में भी पूर्व मुखिया के खिलाफ एफआइआर की गयी है.
स्थल विवाद के बाद नहीं हुआ था राशि वितरण
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पंचायत सचिव सुबह करीब साढ़े दस बजे राशि लेकर गायघाट पहुंचे, जहां राशि वितरण के स्थल को लेकर पूर्व मुखिया रजनीकांत ओझा व वर्तमान मुखिया योगेंद्र राय के बीच विवाद हो गया. ऐसे में राशि वितरण का काम स्थगित कर दिया गया. इसके बाद पूर्व मुखिया के घर पैसा रख पंचायत सचिव चले गये. इस बीच साजिश के तहत राशि का गबन कर लिया गया और उसे चोरी का रूप दे दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >