राजपुर : बक्सर के सिकरौल में बुधवार को स्काॅर्पियो लूट कर भाग रहे दो लुटेरों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, उनके तीन साथी फरार हो गये. पकड़े गये लुटेरों में बक्सर निवासी अभिषेक दूबे और चंचल मिश्रा शामिल हैं. उनके पास से दो पिस्टलें व चार कारतूस भी बरामद किये गये हैं. पुलिस दोनों लुटेरों से पूछताछ कर रही है. दोनों ने वाहन लूट की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी है.
बताया जाता है कि वाहन लूट गिरोह के सदस्यों ने बुधवार को भभुआ जाने के लिए पटना से भाड़े पर स्कार्पियो लिया. इस दौरान अपराधियों ने बक्सर के सिकरौल स्थित सोनपा राजवाहा के समीप लुटेरों ने हथियार का भय दिखाकर चालक को नीचे उतार दिया और गाड़ी लेकर भाग निकले. इस बीच लुटेरों ने इसापुर महावीर स्थान बाजार में खड़ी बाइक में ठोकर मार दिया. ़इस पर आसपास के लोगों ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया. वहीं भागने के क्रम में स्कॉर्पियो रोईनीभान गांव के पास चाट में गिर पड़ी. तब तक पीछे से आ रहे लोग भी पहुंच गये दो लुटेरों को दबोच लिया.
इस बीच स्काॅर्पियो का चालक भी आ गया और पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी. हालांकि लोगों के आने के पहले ही गिरोह के तीन सदस्य यूपी की ओर भाग निकले. सूचना मिलने पर सदर इंस्पेक्टर रामाशीष मिश्रा ,सहायक अवर निरीक्षक श्यामदास सिंह ,एसएन यादव सैफ जवान शैलेंद्र चौबे, सत्येंद्र कुमार राय, रवींद्र सिंह भी आ धमके और दोनों को कब्जे में ले लिया.
