बक्सर/चौसा : प्रखंड मुख्यालय स्थित चौसा यादव मोड़ के पास यूपी-बिहार सीमा पर बने उत्पाद विभाग के चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण मंगलवार को जिलाधिकारी रमण कुमार ने किया.
अचानक चेक पोस्ट पर सुबह आठ बजे पंहुचे जिलाधिकारी ने पिछले पंद्रह दिनों में चेक पोस्ट की उपलब्धियों की जानकारी मांगी व पंजियों का अवलोकन कर किया. चेकपोस्ट पर मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने चेकपोस्ट की मूलभूत समस्याएं बतायीं.
इस पर जिलाधिकारी ने उत्पाद अधीक्षक से चेकपोस्ट पर मेडिकल किट और पेयजल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया. चेकपोस्ट पर मौजूद मात्र चार सुरक्षा कर्मी को देख डीएम भड़क उठे और चेक पोस्ट पर निर्धारित संख्या में पुलिस बलों की तैनाती सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया.
