परेशानी. मेंटनेंस व पावर चेंज के नाम पर कट रही बिजली
24-25 मेगावाट की जगह खपत हो रही 45-50 मेगावाट बिजली
गरमी में तापमान बढ़ने से लोग बेहाल
न्यूनतम तापमान सहन सीमा के पार
बक्सर : जिले में बिजली की हालत इस गरमी में एक दम खराब हो गयी है. खास कर ग्रामीण इलाकों में़ गरमी से पूर्व 24 घंटे बिजली देने का वादा विभाग का फेल हो गया है. रोज किसी न किसी कारण से घंटों विद्युत आपूर्ति बंद की जा रही है. वहीं, गरमी के कारण बिजली की खपत भी पूर्व से दुगुनी हो गयी है.
विभाग कभी जर्जर तार को बदलने, तो कभी फीडर दुरुस्त करने के नाम पर बिजली की आपूर्ति बंद कर दे रहा है. वहीं, पावर चेंज के कारण भी बिजली की आपूर्ति में समय-समय पर बाधा पहुंचा रही है. इस भीषण गरमी में शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली नहीं रहने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. सबसे ज्यादा शहरी क्षेत्र के लोग परेशान हैं. क्योंकि यहां सबकुछ बिजली पर ही आधारित है.
मेंटनेंस के कारण काटी जाती है बिजली : बिजली अधिकारियों की मानें, तो बिजली की खपत के अनुपात में आपूर्ति में कोई कटौती नहीं हो रही है. सीएलडी से बिजली की लगातार आपूर्ति जारी है. हालांकि आवश्यकतानुसार समय-समय पर पावर चेंज होने के कारण उपभोक्ताओं की बिजली कट जाती है. कभी कैमूर से, तो कभी रोहतास से दूसरे स्थान से बिजली की आपूर्ति के लिए पावर चेंज किया जाता है, जिससे आपूर्ति बाधित हो जाती है.थोड़ी सी अवधि में भी लोगों को गरमी बेहाल कर दे रही है.
फिर तापमान बढ़ा, लोग बेहाल
दो दिन पूर्व एकाएक बरसात के बाद मौसम में आयी तब्दीली से लोगों ने राहत की सांस ली थी और कई घरों में एसी-कूलर तक बंद हो गये थे, मगर मौसम ने दुबारा फिर करवट ले लिया, जिससे लोगों का जीवन फिर बेहाल हो गया. गरमी के कारण लोग परेशान हैं. आर्द्रता भी 80 फीसदी से ऊपर चले जाने से लोगों का जीवन बेहाल हो गया है. सोमवार को हालांकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया, मगर लोगों ने 41 डिग्री से ऊपर गरमी महसूस की. क्योंकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक जा पहुंचा है.
क्या कहते हैं बिजली विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी : बिजली विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह कहते हैं कि बिजली की स्थिति शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ठीक है. 24 घंटे बिजली की आपूर्ति जिलावासियों को हो रही है, जिस तरह लोग बिजली का फायदा उठा रहे हैं, उसी तरह लोग बिलों का भुगतान करें. उन्होंने बताया कि हर माह की 15 तारीख को बिजली बिल सुधार के लिए शिविर लगाये जा रहे हैं, जिससे लोगों को लाभ मिल रहा है.
