डुमरांव : मुरगा व्यवसायी हत्याकांड में किरकिरी झेल रही पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है़ इस शक के आधार पर पुलिस अनुसंधान में तेजी ला दी है़ पुलिस सूत्रों के अनुसार व्यवसायी के हत्याकांड में एक चर्चित व्यवसायी के हाथ होने का मामला प्रकाश में आया है़ हालांकि व्यवसायी का नाम, पता बताने में सूत्र परहेज कर रहे हैं़ पिछले 19 अप्रैल को हुई मुरगा व्यवसायी सुरेंद्र गुप्ता की हत्या के बीते एक माह हो गये फिर भी परिजनों के आंसू थम नहीं रहे है़
मृतक के परिजनों ने बताया कि आगामी 3 जून को न्याय के आस को लेकर राजगढ़ चौक पर मृतक की पत्नी माला गुप्ता के संग पांच बेटियां व पुत्र धरना पर बैठेंगे और गिरफ्तारी की पुरजोर मांग करेंगे. काफी कुरेदने के बाद परिजनों ने बताया कि उक्त चर्चित व्यवसायी द्वारा सुरेंद्र को कई बार मुर्गा व्यवसाय बंद करने की धमकी दी गयी थी़
गौरतलब हो कि एसएम कॉलेज रोड स्थित थाना से महज 100 गज की दूरी पर 19 अप्रैल को सरेआम दिनदहाड़े अपराधियों ने मुरगा व्यवसायी को पोल्ट्री फार्म में ही गोली मार दिया था और दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायर करते बाइक से फरार हो गये थे़ इस घटना के बाद तमाम व्यवसायी घरानों में दहशत का माहौल कायम है़ दोषियों की गिरफ्तारी व धरना की सफलता को लेकर नगर के बुद्धिजीवी व दुकानदारों द्वारा बैठकों का दौर शुरू है़
