मरीजों की परेशानी देख कर्मियों ने शुरू किया चिकित्सकीय कार्य
बक्सर : सदर अस्पताल में शनिवार को सदर अस्पताल कर्मियों, चिकित्सकों ने सम्मिलित रूप से ताला जड़ दिया, जिससे सदर अस्पताल की चिकित्सकीय व्यवस्था चरमरा गयी. चिकित्सकों एवं कर्मियों का यह ताला बंदी तीन घंटे तक जारी रहा. तीन घंटे के बाद चिकित्सकों एवं कर्मियों की सिविल सर्जन के प्रतिनिधि डॉ बी नाथ के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया. चिकित्सा कर्मियों की यह बंदी प्रबंधक की आम लोगों द्वारा पिटाई एवं ममता की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित था.
सिविल सर्जन के प्रतिनिधि ने न्यायोचित कार्रवाई करने एवं अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा के दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया. अस्पताल बंदी के मौके पर बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला मंत्री आनंद कुमार सिंह ने कहा कि बच्चा चोरी की घटना के बाद प्रबंधक पर आम लोगों द्वारा जानलेवा हमला करने एवं ममता की गिरफ्तारी के विरोध में सदर अस्पताल की सेवा बाधित की गयी थी. घटना पर दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. चाहे दोषी सदर अस्पताल का कर्मी ही क्यों न हो. स्वास्थ्य कर्मी नेता विजय कुमार पांडेय ने कहा कि मरीजों की जुटी भीड़ तथा उनकी परेशानी एवं मानवता को देखते हुए सभी अस्पताल कर्मियों एवं चिकित्सकों की सहमति से इस बंदी को सिविल सर्जन के प्रतिनिधि डॉ बी नाथ से समझौता के बाद समाप्त कर दिया गया. साथ ही सदर अस्पताल में महिला कर्मियों की सुरक्षा की व्यवस्था की भी बात की गयी है.
