निष्पक्ष चुनाव को ले बड़ी संख्या में सशस्त्र बल तैनात
डुमरांव : नावानगर में छठे चरण के पंचायत चुनाव को स्वच्छ व भयमुक्त माहौल में कराने को लेकर प्रशासनिक तौर पर चौकसी और सतर्कता की व्यवस्था की गयी है. प्रखंड की 16 पंचायतों के कुल 225 मतदान केंद्रों पर शनिवार को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि प्रखंड की 16 पंचायतों में कुल 116674 मतदाता हैं. इनमें 54449 महिला व 62220 पुरुष मतदाता शामिल हैं. पंचायत के छह पदों के लिए कुल 1259 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इनमें जिला पार्षद के दो, मुखिया पद के 16, पंचायत समिति सदस्य पद के 22, वार्ड सदस्य पद के 219, पंच सदस्य पद के 219 व सरपंच पद के 16 प्रत्याशी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. चुनाव के दौरान किसी तरह की बाधा से निबटने के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 62 पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट लगाये गये हैं.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 225 में 124 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील व 95 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है.
धारा 144 रहेगी लागू : मतदान केंद्र के दौ सौ मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी. इसको लेकर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी. जुलूस निकालने, हथियार का प्रदर्शन करने, लाउडस्पीकर बजाने व झुंड में एक साथ चलने पर पर प्रतिबंध रहेगा. ऐसा करनेवाले कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं.
सुरक्षा बलों की रहेगी विशेष नजर : प्रशासन ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चिह्नित अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है. पंचायतों के इन मतदान केंद्रों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें.
बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने पर रोक : पोलिंग एजेंट या मतदाता वोटिंग के दौरान मतदान केंद्रों पर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे. मोबाइल के अलावा केंद्र पर स्याही या स्याही वाला पेन भी लेकर जाना माना है.
पोलिंग एजेंट डॉट पेन का ही इस्तेमाल करेंगे. साथ ही केंद्र के अंदर केवल मतदाता को ही जाने की इजाजत रहेगी. अगर कोई नि:शक्त या विकलांग है, तो उसके साथ एक सहयोगी मतदान केंद्र के अंदर जा सकता है.
गड़बड़ी पर इन नंबरों पर करें शिकायत : निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी -9431818457, 7367929492, कंट्रोल रूम-06183-223333 पर शिकायत कर सकते हैं.
