बक्सर : कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह के टोला गांव में मंगलवार की सुबह खाना बनाते समय आग लगने से एक युवती बुरी तरह झुलस गयी. पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घटना सुबह उस समय घटी जब युवती अपनी झोंपड़ी में खाना बना रही थी. चूल्हे से कुछ दूरी पर प्लास्टिक के डिब्बे में केरोसिन तेल रखा गया था, तभी अचानक वह गिर पड़ा,
जिससे झोंपड़ी सहित फर्श पर गिरे केरोसिन से लपेटे उठने लगीं. युवती को भागने का समय नहीं मिला और वह बुरी तरह जल गयी. परिजनों ने सदर अस्पताल में इलाज के लिए भरती कराया, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया.युवती संजू देवी का गौना पप्पू के साथ दिसंबर, 2015 में हुआ था.
