चार दिन पूर्व हुई थी मौत
बीरबल यादव हत्याकांड से जोड़ कर देख रही पुलिस
बक्सर/डुमरांव : प्रखंड के नावाडेरा गांव में 17 वर्षीया सोनी कुमारी का शव सड़क के किनारे की जमीन को खोद कर निकाला गया. लड़की ने सल्फास खाकर अपनी इह लीला समाप्त कर ली थी,जिसके बाद पुलिस से बचने के लिए परिवार के लोगों ने ही शव को गाड़ दिया था, मगर वे बच नहीं पाये.
रविवार की देर शाम अनुमंडलाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में डीएसपी केपी सिंह व नया भोजपुर ओपी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने अपनी मौजूदगी में एनएच 84 से दक्षिण पइन के किनारे खुदाई कर शव बरामद कर लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया.पुलिस इस मामले में लड़की के पिता ददन यादव एवं चाचा निर्मल यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है़ पुलिस के अनुसार लड़की की मौत चार दिन पूर्व हुई थी़ मौत का मामला उजागर होने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गरम है़
पुलिस को शनिवार की सुबह मिली थी जानकारी : पुलिस को शनिवार की सुबह ही इस संदिग्ध मौत की जानकारी मिली थी़ पुलिस ने परिजनों पर दबाव बनाया, तो परिजनों ने शव को दफनाने की बात बतायी, जिसके बाद शव को बताये गये स्थान से बरामद किया जा सका.डीएसपी केपी सिंह ने बताया कि लड़की की मौत कैसे हुई, इसका राज पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा. हालांकि पारिवारिक सूत्रों ने बेटी के सल्फास खाने की बात कही है. पुलिस इस मामले की कई तरीकों से तहकीकात कर रही है़ इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है़ पुलिस इस अनुसंधान के मामले में तेजी बरत रही है़ लड़की ने सल्फास क्यों खाया इसका भी खुलासा जांच के बाद हो जायेगा.
लोक-लाज व पुलिस के डर से बेटी का शव दफनाया: मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि चार दिन पूर्व बेटी मोबाइल द्वारा किसी से बातें कर रही थी़ इस बात को टोकने पर वह उदास हो गयी़ रात्रि पहर खाना खाने के बाद वह सोने चली गयी, जब सुबह में देखा गया, तो लड़की की मौत हो गयी थी़ गांव में शनिवार को बीरबल यादव की हत्या को लेकर पहुंची पुलिस को देख कर परिवार के लोग भयभीत हो गये और बेटी के शव को सड़क किनारे ही दफना दिया़.
इससे अनुसंधान में जुटी पुलिस भोजपुर ओपी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात खेत के मचान पर बीरबल यादव का सिर कुचल कर हत्या कर दी गयी थी़ इसको लेकर ही पुलिस गांव में घूम रही थी, तभी इस मामले का पता चला. बीरबल हत्याकांड के तार से भी जोड़ कर पुलिस अनुसंधान कर रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका का प्रेम प्रसंग मामले से भी इनकार नहीं किया जा सकता़
