बक्सर : दो दिवसीय विश्वामित्र महोत्सव की शुरुआत रविवार को हो गयी. महोत्सव का उद्घाटन सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने किया. महोत्सव को लेकर जिले में उत्साह बना हुआ है. अपने उद्घाटन भाषण में सांसद ने कहा कि विश्वामित्र महोत्सव बक्सर जिले का महत्वपूर्ण आयोजन है और इससे जिले की गरिमा जुड़ी हुई है.
कार्यक्रम का उदघाटन कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री शिवचंद्र राम एवं प्रभारी मंत्री मुनेश्वर चौधरी को करना था, मगर बदली परिस्थितियों में वे उद्घाटन करने नहीं आ सके. दो दिवसीय इस कार्यक्रम में जिले तथा कई अन्य क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल रहनेवाले कलाकार भी महोत्सव में अपनी भागीदारी निभायेंगे.उद्घाटन के मौके पर जिलाधिकारी रमण कुमार,डीडीसी मोबिन अली अंसारी,
डीसीएलआर राजेश कुमार समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और राजनीतिक दल के लोग शामिल थे. इससे पूर्व कार्यक्रम के आयोजन को लेकर धार्मिक अनुष्ठान भी साधु-संतों द्वारा किला मंच पर किया गया, जिसका आयोजन सुबह से ही शुरू हो गया था. पिछले साल हुए तीन दिवसीय आयोजन को लेकर जिलावासियों में खासा उत्साह था, मगर इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन होने से लोगों में थोड़ी निराशा दिख रही है. आयोजन को लेकर किला मैदान को पूरी तरह सजाया गया है. कार्यक्रम में बनारस, इलाहाबाद समेत बिहार के कई नामी कलाकार शामिल हो रहे हैं. कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से देर शाम शुरू हो गयी, जो देर रात तक चलती रही.
