चौसा : कैमूर जिले में आयोजित एक उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बक्सर से रामगढ़ जाने के दौरान चौसा में बननेवाले चौसा थर्मल पावर प्लांट के लिए अधिग्रहण की जा रही भूमि का निरीक्षण सूबे के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने किया गया.
चौसा-अखौरीपुर गोला मौजा में भू-अर्जन विभाग द्वारा पावर प्लांट के लिए अधिग्रहण की जानेवाले भूमि का सीमांकन का चल रहे कार्य का अवलोकन करते हुए ऊर्जा मंत्री ने उपस्थित पावर प्लांट के पदाधिकारियों से प्रोजेक्ट के लिए एक्वायर की जानेवाली भूमि के बारे में जानकारी प्राप्त की और निर्देश देते हुए कहा कि जल्द-से-जल्द भूमि अधिग्रहण का कार्य व सीमांकन का कार्य पूर्ण करें. अगर कोई बाधा आती है, तो हमें सूचना दें. थर्मल पावर के पदाधिकारियों के द्वारा बताया गया कि बहुत जल्द ही सीमांकन का कार्य पूरा कर लिया जायेगा.
गौरतलब हो कि चौसा में करीब 12 हजार करोड़ की लागत से 650 मेगावाट की दो इकाइयोंवाला बिजली उत्पादन के लिए थर्मल पावर प्लांट बनाने के लिए काम चल रहा है. इस दौरान एसडीएम गौतम कुमार, पावर प्लांट कंपनी के अपर महाप्रबंधक मुकुल तिर्की, वरीय प्रबंधक राकेश अहिरवार,भू-अर्जन पदाधिकारी तौकीर अहमद ,सीओ जितेंद्र कुमार सिंह, बीडीओ अरविंद कुमार सिंह आदि अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
