बक्सर : दिन में कड़ी धूप रहने के बावजूद पछुवा हवा ने शहरवासियों को ठंड का एहसास करा रही है. हालांकि दिन में लोग धूप के कारण ठंड से राहत महसूस कर रहे हैं. मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया,मगर सुबह में कुहासे व देर रात तापमान 14 डिग्री तक हो जाने से लोगों ने ठंड का कहर झेला. मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच दिनों से पड़ रही ठंड के बाद रविवार को राहत महसूस की गयी.
हालांकि एक फरवरी और दो फरवरी को मौसम में और सुधार आने की संभावना जतायी गयी है. जानकारी के अनुसार एक फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और दो फरवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किये जाने की संभावना है. जबकि न्यूनतम तापमान में अब भी सुधार की संभावना नहीं है. एक फरवरी से न्यूनतम तापमान में फिर लगातार गिरावट की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है.
एक फरवरी को मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और दो फरवरी को न्यूनतम तापमान घट कर फिर 11 डिग्री सेल्सियस हो जायेगा. इसी तरह तापमान में गिरावट जारी रहेगी और तीन फरवरी को तापमान फिर आठ डिग्री पर और चार फरवरी को तापमान सात डिग्री पर चला जायेगा,जिससे एक बार फिर ठंड के वापस लौटने का एहसास लोगों को हो जायेगा.
