डुमरांव : खरमास बीतते ही एक बार फिर जिला-जेवार में शादी-विवाह की तैयारी शुरू हो गयी है. मकर संक्रांति खत्म होते ही शहनाइयों की गूंज का सिलसिला चालू हो रहा है. ऐसे में बढ़ती महंगाई बिटिया रानी के ब्याह पर करारी मार कर रही है. मांगलिक अायोजनों के लिए तीन माह के लगन में शादी-विवाह के लिए केवल 35 तिथियां ही शुभ मानी गयी है़
लगन में शुभ मुहूर्त कम होने से विवाह की तैयारी में बेटी के बाप को अधिक जद्दोजहद करनी पड़ रही है. दो दिलों को जोड़ने में महंगाई का अड़ंगा ऐसा कि वर-वधू दोनों पक्ष तैयारियों को लेकर खासे चिंतित हैं.
महंगे सामानों के कारण बराती की आवभगत में कटौती की सोच कर जहां लड़कीवाले असहज हैं. वहीं रिश्तेदारों की खातिरदारी के लिए वर पक्ष की चिंता भी बढ़ गयी है़ बाजार का हाल ऐसा है कि जरूरी सामानों के दाम सुन कर ही खरीदार दूर भाग रहे हैं. वैवाहिक समारोह में टेंट-शामियाना, होटल, गाड़ी, सजावट, बैंड-बाजा आदि के भाव में बेतहाशा वृद्धि हो गयी है़ इस बार सोने-चांदी के जेवरात से लेकर खाद्य सामग्रियों व सब्जी-भाजी तक की कीमत पहुंच से दूर दिख रही है.
बराती की खातिरदारी में होगी कटौती
बरात व तिलक समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों के स्वागत में खातिरदारी भी पहले की अपेक्षा महंगा हो गया है़ चावल-दाल, पनीर, तेल-घी व मसाले आदि के दामों में वृद्धि होने से लोगों को परेशानी हो रही है़ लड़की पक्ष के विनोद वर्मा, रामकुमार, मनोरमा व लक्ष्मी आदि लोगों का कहना है कि सामग्री के साथ पंडित, ब्यूटिशियन, कारीगरों का भाव भी बढ़ा-चढ़ा है. महंगाई के कारण तैयारियां प्रभावित हो रही है.
धाम-मंदिर में शादी का चलन बढ़ा
गरीब व मध्यवर्गीय लोगों की मंदिरों में शादियों की तादाद बढ़ रही है़ लगन के दौरान बक्सर, बिहियां के मंदिर में भी हर दिन दर्जनों विवाह होते हैं. धाम पर शादी के लिए आने वाले लोगों का कहना है कि अब पहले के मुकाबले खर्च बहुत बढ़ गया है. पैसा बहाने से अच्छा है कि यहीं शादी कर सगे-संबंधियों व पास-पड़ोस को आगे प्रीतिभोज दे दिया जाये.
तैयारियों पर खर्च
पंडाल5 हजार से 80 हजार
होटल 10 हजार से 25 हजार
बैंड बाजा 8 हजार से 20 हजार
टेंट-शामियाना5 हजार से 15 हजार
डेकोरेशन 6 हजार से 30 हजार
आरकेस्ट्रा 10 हजार से 40 हजार
साधारण आभूषण (\" में)
मंगल सूत्र 10 से 25 हजार
गले का हार 20 से 50 हजार
मांगटीका 8 से 20 हजार
अंगूठी3 से 10 हजार
कंगन 20 से 40 हजार
