विधायक ने कहा, अगले प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं नीतीश कुमार
बक्सर : डुमरांव के विधायक और पूर्व मंत्री ददन यादव उर्फ ददन पहलवान ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की छवि देश में सबसे अच्छी बन गयी है और इन पर दोषारोपण करना और आपराधिक गतिविधियों के बिहार में बढ़ने की बात करना बिल्कुल बेतुका है. उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी के नेता श्रीभगवान सिंह कुशवाहा और पार्टी के सबसे बड़े नेता राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव की छवि आपराधिक रही है,
जिनकी छवि खुद ही गंदी है, वो दूसरे पर कीचड़ उछाल कर बिहारवासियों में अपनी छवि खराब कर रहे हैं. विधायक ने कहा कि नीतीश कुमार देश के अगले प्रधानमंत्री के उम्मीदवार हैं और देश की जनता इनमें आस्था रख रही है.उन्होंने कहा कि पप्पू यादव खुद ही अजीत सरकार हत्या मामले में वर्षों जेल में रहे हैं.
वहीं, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा नीतीश सरकार में मंत्री रहे हैं, ऐसे में उन्हें प्रतिक्रिया देना शर्मनाक है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार विकास के जनक नहीं, बल्कि विकास पुत्र के रूप में पूरे देश में ख्याति अर्जित कर रहे हैं और बिहार में किसी भी कीमत पर अपराध को रोकने के लिए वे किसी चीज से समझौता नहीं करेंगे.
